टिकट पर सीट 54, कोच में सिर्फ 52 बर्थ, रात 10:45 बजे यात्री करता रहा अपनी सीट की तलाश, वीडियो वायरल

0
7

नई दिल्ली: वाराणसी से गोरखपुर जा रही ट्रेन में एक यात्री के साथ ऐसा वाकया हुआ, जिसने रेलवे के टिकट सिस्टम पर ही सवाल खड़ा कर दिया। यात्री के पास A1 कोच में 54 नंबर की कंफर्म सीट थी, लेकिन जब वह कोच में पहुंचा तो वहां 52 बर्थ तक ही नंबर मौजूद थे। यानी जिस सीट पर उसे बैठना था, वह कोच में थी ही नहीं। यह घटना रात करीब 10:45 बजे की है। रात की यात्रा में सीट न मिलने से यात्री को काफी परेशानी हुई। उसने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।

वीडियो में दिखी पूरी परेशानी

X यूजर ईशान बाजपेयी ने वीडियो में दिखाया कि वह कोच में अपनी सीट ढूंढ रहे हैं, लेकिन उन्हें 54 नंबर की बर्थ कहीं नजर नहीं आ रही। उन्होंने अपने टिकट का स्क्रीनशॉट भी शेयर किया, जिसमें साफ तौर पर A1/54 बर्थ कंफर्म लिखी हुई थी। ईशान के मुताबिक उन्होंने इस परेशानी की शिकायत रेलवे हेल्पलाइन 139 पर भी की, लेकिन रात में सफर के दौरान उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

मामला सोशल मीडिया पर आने के बाद रेलवे सेवा ने उनकी पोस्ट पर जवाब दिया। रेलवे की ओर से कहा गया कि मामले को संबंधित अधिकारी के पास जरूरी कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है। हालांकि, उस समय यात्री को सीट मिली या नहीं, इस पर कोई साफ जानकारी नहीं दी गई।

सोशल मीडिया पर उठे सवाल

इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं। किसी ने मजाक में कहा कि रेलवे ने कोच की क्षमता से ज्यादा बर्थ ही बांट दीं। तो किसी ने गंभीर सवाल उठाया कि आखिर बुकिंग सिस्टम ने ऐसी सीट कैसे अलॉट कर दी, जो कोच में है ही नहीं। एक अन्य यूजर ने अपना अनुभव शेयर करते हुए बताया कि उसकी 2AC की बुकिंग अपने आप 3AC में बदल गई थी। लोगों का कहना है कि इस तरह की गड़बड़ी यात्रियों के भरोसे को कमजोर करती है।

सिस्टम पर खड़े हो रहे सवाल

यह मामला अब रेलवे के सीट अलॉटमेंट सिस्टम पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है। अगर टिकट कंफर्म है, तो यात्री को सीट मिलनी ही चाहिए। लेकिन यहां तो सीट ही कोच में मौजूद नहीं थी। अब देखना होगा कि रेलवे इस गड़बड़ी की जांच में क्या पाता है और भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न हो, इसके लिए क्या कदम उठाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here