नेपाल की स्कूल टीचर का डांस देख झूम उठे बच्चे, 'दिलरुबा दिलनशीं' पर VIDEO ने मचाया धमाल

0
3

नई दिल्ली: नेपाल के चितवन जिले के एक स्कूल की टीचर सीमा का बच्चों के साथ डांस वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो नेपाल के चितवन जिले की एवरेस्ट अकादमी पद्मपोखरी का बताया जा रहा है। टीचर सीमा ने इस वीडियो को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। वीडियो खुले आसमान के नीचे एक गली में शूट किया गया है। वीडियो में बच्चे हरे और नीले रंग की स्कूल ड्रेस पहने नजर आ रहे हैं। सभी बच्चों के गले में आई कार्ड भी लटका हुआ है। सीमा मैडम के साथ बच्चे दिलरुबा दिलनशीं गाने पर डांस करते दिख रहे हैं।

सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लोग खूब पसंद कर रहे हैं। बेहतरीन कोरियोग्राफी के लिए मैडम सीमा की भी जमकर तारीफ हो रही है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बच्चे हर एक स्टेप पर बखूबी अपनी मैडम का साथ दे रहे हैं। बच्चों और टीचर की केमिस्ट्री की वजह से यह वीडियो देखने में बहुत ही प्यारा लग रहा है। कई लोग इसे एक्स्ट्रा करिकुलर एक्टिविटी बता रहे हैं। लोगों का कहना है कि इस तरह की एक्टिविटी से बच्चे फिट रहेंगे और पढ़ाई में भी उनका फोकस अच्छा होगा।

गाने के लिरिक्स राइटर ने भी किया कमेंट

सिंगर रितो रीबा की आवाज में रिकॉर्ड किए गए इस गाने के बोल सिद्धांत कौशल ने लिखे हैं। उन्हें भी यह वीडियो बहुत पसंद आया है। वीडियो पर कमेंट करते हुए उन्होंने लिखा कि यह बहुत ही प्यारा है। हमारे गाने को पसंद करने के लिए धन्यवाद। उन्होंने आगे लिखा कि बच्चों को मेरे लिखे बोलों पर लिप-सिंक करते देखना, आज की सबसे अच्छी बात है। ढेर सारा प्यार और शुभकामनाएं। उनके इस कमेंट के बाद वीडियो और ज्यादा वायरल हो गया।

यूजर्स के मजेदार कमेंट्स

इस वीडियो पर यूजर्स के मजेदार कमेंट्स भी आ रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि शिक्षक के बाईं ओर वाला बच्चा सच में बहुत बढ़िया डांस कर रहा है। दूसरे यूजर ने लिखा कि जेन जेड टीचर की ताकत का इस वीडियो से हम अंदाजा लगा सकते हैं। तीसरे यूजर ने लिखा कि काश ऐसी टीचर मुझे भी मिली होतीं। चौथे यूजर ने लिखा कि हमारे जमाने में जब भी कोई महिला टीचर क्लास में आती थी, तो ऐसा लगता था मानो कोई दुष्ट स्त्री आ गई हो। लेकिन आजकल की टीचर्स तो बिल्कुल अप्सराओं जैसी लगती हैं। पांचवे यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि मैडम जी, हमें अभी आपके स्कूल में एडमिशन मिलेगा क्या। इस तरह के कमेंट्स से साफ है कि लोगों को यह वीडियो बहुत पसंद आ रहा है।

क्यों पसंद आ रहा है लोगों को वीडियो

आजकल स्कूल के वीडियो अक्सर पढ़ाई और सख्ती से जुड़े होते हैं। लेकिन इस वीडियो में पढ़ाई के साथ-साथ मस्ती भी दिख रही है। टीचर और बच्चों के बीच का यह प्यारा रिश्ता ही इस वीडियो को खास बना रहा है। यही वजह है कि यह वीडियो इंस्टाग्राम से लेकर दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी तेजी से शेयर हो रहा है। लोग इसे देखकर अपनी स्कूल की यादें ताजा कर रहे हैं और टीचर सीमा की तारीफ कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here