मुर्शिदाबाद: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया. यहां रहने वाला एक किशोर दिन का ज्यादातर समय तालाब के पानी में बिताता था. परिवार का कहना है कि जैसे ही वह पानी से बाहर निकलता, उसके शरीर में तेज जलन होने लगती थी. उसकी हालत इतनी असामान्य हो गई कि मामला दूर-दूर तक चर्चा में पहुंच गया. अब उद्योगपति अनंत अंबानी की मदद से किशोर को बेहतर इलाज के लिए मुंबई ले जाया गया है.
किशोर की पहचान इकबाल के रूप में हुई है. वह अपने परिवार के साथ मुर्शिदाबाद में रहता है. परिजनों के मुताबिक, उसकी यह परेशानी लंबे समय से बनी हुई थी. वह सुबह तालाब में चला जाता और देर रात तक पानी में ही रहता था. कई बार वह एक तालाब से निकलकर दूसरे जलाशय में पहुंच जाता था.
तालाब में बैठकर स्नैक्स खाने का वीडियो हुआ वायरल
इकबाल की स्थिति उस समय ज्यादा लोगों के सामने आई, जब सोशल मीडिया पर उसका एक वीडियो वायरल हुआ. वीडियो में वह तालाब के पानी में बैठकर स्नैक्स खाता दिखाई दिया. यह दृश्य देखने के बाद लोग हैरान रह गए और उसकी हालत को लेकर चर्चा शुरू हो गई. ANI की रिपोर्ट के अनुसार, इकबाल ने कथित तौर पर यह भी कहा था कि उसे ऐसा महसूस होता है जैसे किसी अलौकिक शक्ति का उस पर असर हो. हालांकि, इस दावे की किसी तरह की चिकित्सकीय पुष्टि नहीं हुई है. डॉक्टर अब उसकी शारीरिक और अन्य संभावित वजहों की जांच कर रहे हैं.
अनंत अंबानी की मदद से मुंबई पहुंचा इकबाल
मामले की जानकारी सामने आने के बाद अनंत अंबानी ने कथित तौर पर किशोर की मदद के लिए कदम बढ़ाया. इसके बाद इकबाल को पश्चिम बंगाल से मुंबई लाया गया. उसे सर एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टर उसकी हालत की विस्तार से जांच कर रहे हैं. डॉक्टर यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर उसे लंबे समय तक पानी में रहने की जरूरत क्यों महसूस होती है और पानी से बाहर आने के बाद शरीर में तेज जलन की शिकायत किस वजह से होती है.
परिवार के लिए इलाज का खर्च उठाना था मुश्किल
इकबाल के माता-पिता ने ANI को बताया कि वे पहले भी उसका इलाज कराने की कोशिश कर चुके हैं. उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी हालत में खास सुधार नहीं हुआ. परिवार की आर्थिक स्थिति भी लंबे समय तक महंगा इलाज कराने की अनुमति नहीं देती थी. इसके बाद परिवार ने मदद की अपील की. इकबाल की असामान्य स्थिति को देखकर गांव और आसपास के लोग भी चिंतित थे. उसे अक्सर घंटों तक तालाब में देखा जाता था, जिससे परिवार की परेशानी और बढ़ती गई.
लंबे समय तक पानी में रहना हो सकता है नुकसानदायक
डॉक्टरों का कहना है कि लगातार लंबे समय तक पानी में रहने से त्वचा को नुकसान हो सकता है. एसएसकेएम अस्पताल के एक त्वचा विशेषज्ञ ने ANI को बताया कि लंबे समय तक त्वचा के गीले रहने से मैसरेशन की समस्या हो सकती है. ऐसी स्थिति में त्वचा नरम, सफेद और कमजोर हो सकती है, जिससे जलन, दरार और संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है. विशेषज्ञों के अनुसार, लगातार नमी में रहने से फंगल और बैक्टीरियल संक्रमण की आशंका भी बढ़ सकती है.
इसी वजह से डॉक्टरों ने इकबाल को लंबे समय तक तालाब के पानी में रहने से बचाने और उसकी पूरी मेडिकल जांच कराने पर जोर दिया है. फिलहाल इकबाल मुंबई में डॉक्टरों की निगरानी में है. विशेषज्ञ उसकी स्थिति से जुड़े हर पहलू की जांच कर रहे हैं. जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि उसकी इस असामान्य परेशानी के पीछे आखिर कौन-सी वजह है.












