जापानी TikToker के दिल में बसा भारत, मुंबई को बनाया घर, प्यार भरी बातों ने जीता लोगों का दिल

0
9

नई दिल्ली: भारत को समझने के लिए सिर्फ इंटरनेट की तस्वीरें काफी नहीं हैं, यहां आकर लोग, संस्कृति और रोजमर्रा की जिंदगी को देखना जरूरी है। जापान की मशहूर टिकटॉकर हिकारू सान के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। बता दें, भारत घूमने आईं हिकारू को यहां का माहौल इतना पसंद आया कि वह मुंबई में ही बस गईं।

हिकारू ने हाल ही में एक वीडियो शेयर कर बताया कि उन्हें भारत में 8 महीने हो चुके हैं और इन 8 महीनों में उनका अनुभव बेहद शानदार रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से उनकी फीड पर भारत को गंदा दिखाने वाले कई वीडियो आ रहे हैं, जिन्हें देखकर वह हैरान हैं।

हर देश में अच्छाई-बुराई

हिकारू का कहना है कि हर देश में अच्छी और बुरी दोनों चीजें होती हैं। जापान में भी गंदगी की समस्या है, लेकिन सोशल मीडिया पर अक्सर भारत की सिर्फ नेगेटिव छवि दिखाई जाती है। कुछ वीडियो के आधार पर पूरे देश को जज करना सही नहीं है। उन्होंने भारत की संस्कृति, लोगों और खाने की भी तारीफ की। इसके साथ ही हिकारू ने बताया कि बन मस्का उनका फेवरेट बन गया है। उनके मुताबिक भारत की असली खूबसूरती समझने के लिए यहां आना और लोगों से मिलना जरूरी है।

टूटी चीजों को जोड़ने से सीखा जीवन का सबक

हिकारू ने भारत में मिली एक खास सीख का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यहां लोग कोई चीज टूटने पर उसे फेंकने के बजाय ठीक करने की कोशिश करते हैं। इस सोच ने उन्हें नया नजरिया दिया है। उन्हें लगा कि इंसान भी टूटकर फिर से खुद को बना सकता है और आगे बढ़ सकता है। इसके लिए उन्होंने भारत का शुक्रिया कहा।

बता दें, 7 अक्टूबर को शेयर किए गए इस वीडियो पर लगातार रिएक्शन आ रहे हैं। कई यूजर्स ने भारत की पॉजिटिव इमेज को दिखाने के लिए हिकारू को धन्यवाद दिया, तो कुछ ने कमेंट में कहा कि देश में भ्रष्टाचार और बुनियादी सुविधाओं में सुधार की भी जरूरत है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here