कार्तिक मास में श्रद्धालुओं की भीड़ को लेकर पुलिस अलर्ट, प्रमुख मंदिरों और मार्गों पर बढ़ाई निगरानी

0
8

वृंदावन: कार्तिक मास में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ रही भीड़ और दीपावली समेत आगामी त्योहारों को देखते हुए वृंदावन पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोतवाली पुलिस ने नगर के प्रमुख चौराहों, तिराहों और व्यस्त मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, वाहनों की सघन चेकिंग

धार्मिक नगरी में कार्तिक मास के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। विदेशी भक्तों की भी अच्छी खासी संख्या है। वहीं, आने वाले दिनों में दीपावली सहित कई प्रमुख त्योहार भी मनाए जाने हैं। ऐसे में भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। कोतवाली प्रभारी अश्विनी कुमार के निर्देशन में पुलिसकर्मी प्रमुख चौराहों और मार्गों पर दोपहिया वाहनों की जांच कर रहे हैं। इस दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की हिदायत भी दी जा रही है।

प्रमुख मंदिरों और परिक्रमा मार्ग पर गश्त तेज

इसके अलावा बांके बिहारी मंदिर, इस्कॉन मंदिर, प्रेम मंदिर, रंगजी मंदिर और परिक्रमा मार्ग सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास संबंधित चौकी प्रभारियों को लगातार गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस की टीमें भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रही हैं। खासतौर पर मंदिरों के आसपास आने-जाने वाले लोगों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

बाइकर्स गैंग और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा

दरअसल, श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने के साथ ही शहर में बाइकर्स गैंग की सक्रियता भी बढ़ जाती है। ऐसे गिरोह के सदस्य भीड़ का फायदा उठाकर चेन, मोबाइल और पर्स छीनने जैसी वारदातों को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं। पिछले कुछ समय में इस तरह की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इन्हीं घटनाओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने एहतियातन चेकिंग और गश्त बढ़ा दी है। पुलिस का प्रयास है कि त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

Reported By: Prem Kaushik

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here