मुंबई में कूड़ा फेंकते ही खुलेगी पोल, अब कैमरा बोलेगा, 'भाई साहब, डस्टबिन घर भूल आए क्या?'

0
9

मुंबई: मुंबई में सड़क किनारे कूड़ा फेंककर चुपचाप निकल जाना अब आसान नहीं होगा। बृहन्मुंबई महानगरपालिका यानी BMC ने शहर को साफ रखने के लिए अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का सहारा लिया है। BMC ने ऐसे स्मार्ट AI कैमरे लगाए हैं जो कचरा फेंकने वालों को पहचानकर तुरंत लाउडस्पीकर से टोक देंगे। BMC ने अपने ऑफिशियल X अकाउंट पर इसका एक वीडियो भी शेयर किया है। ये नई तकनीक सबसे पहले मुंबई के जी-नॉर्थ वार्ड में माहिम के डॉ. रायकर मार्ग स्थित गजानन वाटिका में लगाई गई है। BMC ऐसी जगहों को Garbage Vulnerable Points यानी GVPs कहती है, जहां लोग अक्सर कचरा फेंक जाते हैं।

AI सिस्टम कैसे काम करता है

वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे ये सिस्टम काम करता है। एक व्यक्ति सड़क किनारे आता है और हरे रंग का कचरे का बैग जमीन पर रखकर जाने लगता है। तभी CCTV फुटेज में AI सिस्टम उस व्यक्ति को हरे बॉक्स से ट्रैक करने लगता है। ये सिस्टम Suspicious Activity को पहचान लेता है। इसकी सबसे खास बात ये है कि कैमरा सिर्फ देखता नहीं है, बल्कि बोलता भी है। जैसे ही कोई कचरा फेंकता है, लाउडस्पीकर से तुरंत आवाज आती है कि कृपया यहां कचरा न फेंकें और इलाके को साफ रखें। मतलब अब ये सोचकर कूड़ा नहीं फेंक सकते कि कोई देख नहीं रहा।

प्रयोग सफल रहा तो पूरे मुंबई में विस्तार

हालांकि अभी इस वीडियो में सिर्फ चेतावनी देने की बात दिखाई गई है। इससे ये साफ नहीं है कि कैमरा अपने आप चालान भी काटेगा या जुर्माना लगाएगा। BMC की योजना है कि अगर ये एक्सपेरिमेंट माहिम में सफल रहा तो इसे मुंबई के दूसरे इलाकों में भी लगाया जाएगा। सोशल मीडिया पर इस पहल को लेकर लोगों के मिले-जुले रिएक्शन आए हैं। कई लोगों ने इसे अच्छा कदम बताया तो कुछ ने मजाक में कहा कि ऐसे कैमरे BMC के दफ्तरों में भी लगने चाहिए ताकि काम में लापरवाही करने वाले कर्मचारियों पर भी नजर रखी जा सके। लोगों का कहना है कि सिर्फ कैमरा लगाने से नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक करने और बार-बार नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई करने से ही मुंबई साफ होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here