उम्र 72 साल, लेकिन चोरी के खेल में पुरानी खिलाड़ी!

0
6

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में विदेशी महिला का बैग चोरी करने के मामले में मध्य जिला पुलिस ने 72 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 लाख 85 हजार 500 रुपये की भारतीय मुद्रा और 2600 अमेरिकी डॉलर बरामद किए हैं। वारदात का खुलासा करने के लिए पुलिस टीम ने इलाके के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। आरोपी की पहचान उत्तम नगर निवासी सविता गांधी उर्फ सरोज गांधी के रूप में हुई है।

मध्य जिला डीसीपी रोहित राजवीर सिंह ने बताया कि 21 अक्टूबर 2026 को एक विदेशी महिला ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी कि पहाड़गंज की एक दुकान पर खरीदारी के दौरान उसका बैग चोरी हो गया। बैग में पासपोर्ट वीजा संबंधी दस्तावेज, 2,600 अमेरिकी डॉलर, ढाई लाख रुपये भारतीय मुद्रा, तीन क्रेडिट कार्ड और एक सैमसंग मोबाइल फोन था। शिकायत के आधार पर पहाड़गंज थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी फुटेज से खुला चोरी का राज

मामले की गंभीरता को देखते हुए संगतराशन पुलिस चौकी की टीम ने सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। पुलिस ने स्थानीय सूचनाओं और खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद 24 अक्टूबर को उत्तम नगर में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने विदेशी महिला का बैग चोरी करने की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

14 पुराने आपराधिक मामलों का रिकॉर्ड

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से 14 आपराधिक मामलों में संलिप्तता का रिकॉर्ड उपलब्ध है। वह हाल ही में तिहाड़ जेल से रिहा हुई थी। पुलिस को आशंका है कि आरोपी अपनी अधिक उम्र का फायदा उठाकर लोगों का संदेह दूर रखने की कोशिश करती थी। हालांकि, पुलिस उसके पुराने रिकॉर्ड और अन्य तथ्यों का सत्यापन कर रही है।

पुलिस टीम की अहम भूमिका

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक साहिल, महिला उपनिरीक्षक खाइको असुने, हेड कांस्टेबल भागीरथ, हेड कांस्टेबल निरंजन, महिला कांस्टेबल मोहिनी भारती और कांस्टेबल ललित शामिल रहे। टीम का नेतृत्व संगतराशन पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक एस.एन. ओझा ने किया। पूरी कार्रवाई पहाड़गंज थाना प्रभारी की निगरानी और सहायक पुलिस आयुक्त, पहाड़गंज के समग्र पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस अब चोरी हुए मोबाइल फोन, पासपोर्ट और वीजा दस्तावेजों की बरामदगी के प्रयास कर रही है। आरोपी की हिस्ट्रीशीट खोलने और जिला बदर करने के प्रस्ताव से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here