अमेरिकी शख्स ने फर्राटे से गाई हनुमान चालीसा, एक भी लाइन नहीं छूटी, हैरान हुए यूजर्स

0
6

नई दिल्ली: हनुमान चालीसा का नाम आते ही मन में शांत और धीमी आवाज में पाठ की तस्वीर बनती है, लेकिन अमेरिका के टेक्सास के एक शख्स ने इसे बिल्कुल अलग अंदाज में पेश कर सबको चौंका दिया है। इस शख्स ने हनुमान चालीसा का सुपरफास्ट वर्जन पढ़ा और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

इस अमेरिकी शख्स का नाम निक डियरमैन है। निक खुद को भगवान हनुमान का भक्त और होलिस्टिक हेल्थ कोच बताते हैं। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम हैंडल @neurodivergent_nick पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह करीब दोगुनी रफ्तार से हनुमान चालीसा का पाठ करते दिख रहे हैं। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इतनी तेज गति के बावजूद उनका उच्चारण बेहद साफ है।

देर से उठे तो निकाला जुगाड़

निक ने वीडियो में बताया कि उस दिन वह सुबह देर से उठे थे और उनके पास समय कम था। इसलिए उन्होंने सोचा कि क्यों न हनुमान चालीसा का स्पीड वर्जन किया जाए। इसके बाद वह बिना रुके, एक ही लय और आत्मविश्वास के साथ पूरी चालीसा पढ़ते चले गए। शुरुआत से अंत तक उनकी स्पीड में कोई कमी नहीं आई। वीडियो के कैप्शन में उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा, “You can Google the lyrics.”

14 लाख से ज्यादा व्यूज

निक का यह वीडियो लोगों को खूब पसंद आ रहा है। अब तक इसे 14 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है और 12 हजार से ज्यादा लोगों ने कमेंट किया है। खासतौर पर भारतीय यूजर्स उनकी भक्ति और याददाश्त की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

एक यूजर ने लिखा कि वह सालों से हनुमान चालीसा पढ़ रहा है, लेकिन इतनी तेज रफ्तार में बिना अटके पढ़ना आसान नहीं है। दूसरे ने मजाक में कहा, “ये तो मुझसे भी बेहतर पाठ करते हैं।” किसी ने लिखा, “पहली बार किसी गोरे शख्स को हनुमान चालीसा पढ़ते सुना और ये उम्मीद से कहीं बेहतर था।” कई लोगों ने “आप अद्भुत हैं, दिल खुश हो गया” और “जय हनुमान” जैसे कमेंट कर अपना प्यार जताया।

यह पहली बार नहीं है जब निक ने हनुमान जी से जुड़ा वीडियो शेयर किया हो। वह पहले भी भक्ति से जुड़े कंटेंट पोस्ट करते रहे हैं। विदेशी होने के बावजूद उनका कॉन्फिडेंस और लय के साथ चालीसा पढ़ना लोगों को काफी प्रभावित कर रहा है। यूजर्स का कहना है कि इसके पीछे उनकी कड़ी मेहनत और रोज का अभ्यास साफ दिखता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here