नई दिल्ली: तलाक का नाम सुनते ही टूटते रिश्ते, कानूनी लड़ाई और उदासी का ख्याल आता है। लेकिन दक्षिण कोरिया की एक महिला ने इस सोच से अलग रास्ता चुना। शादी खत्म होने के बाद दुखी रहने के बजाय उसने नई जिंदगी की शुरुआत का जश्न मनाया। उसकी ‘डिवोर्स सेरेमनी’ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दक्षिण कोरिया की 37 वर्षीय कंटेंट क्रिएटर और सिंगल मदर चो सेउंग-योन ने तलाक के बाद समारोह आयोजित किया। इस कार्यक्रम में वह दुल्हन की तरह सजी नजर आईं। उन्होंने चमकदार ड्रेस पहनी और उनके करीबी दोस्त शामिल हुए। दोस्तों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया और सभी ने केक काटा। चो ने समारोह का वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा किया।
तलाक को नई शुरुआत के तौर पर देखा
रिपोर्ट के अनुसार, चो का आयोजन सिर्फ पार्टी नहीं था, बल्कि तलाक को लेकर समाज की नकारात्मक सोच को चुनौती देने की कोशिश भी थी। कई जगहों पर तलाकशुदा महिलाओं को अलग नजर से देखा जाता है और रिश्ते के खत्म होने को उनकी नाकामी मान लिया जाता है। चो का मानना है कि शादी का टूटना जिंदगी का अंत या किसी की असफलता नहीं है। उनके लिए यह समारोह अपनी पहचान और आजादी को फिर से अपनाने का तरीका था। वह शादी से अलग होने के बाद जीवन के नए दौर का स्वागत करना चाहती थीं। उनका संदेश है कि किसी रिश्ते से बाहर आने के बाद भी इंसान आगे बढ़ सकता है और खुश रहने का हक रखता है।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर aprilsycho नाम के पेज से साझा किया गया। पोस्ट सामने आते ही यूजर्स ने प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं। कई लोगों ने चो के फैसले की तारीफ की और इसे साहसिक कदम बताया। हालांकि, कुछ यूजर्स को तलाक का इस तरह जश्न मनाना अजीब लगा। एक यूजर ने लिखा कि खराब रिश्ते में घुटते रहने से बेहतर है कि इंसान मुस्कुराकर जिंदगी दोबारा शुरू करे। एक अन्य यूजर ने कहा कि समाज के दबाव के बावजूद ऐसा कदम उठाने के लिए हिम्मत चाहिए। चो की कहानी ने चर्चा छेड़ दी है कि तलाक को दुख या असफलता से जोड़कर देखना कितना सही है। हर व्यक्ति अपने अनुभव और हालात के हिसाब से आगे बढ़ता है। चो ने अपने तरीके से नए जीवन का स्वागत किया है, जिसे कुछ लोग प्रेरणादायक मान रहे हैं, जबकि कुछ इससे सहमत नहीं हैं।












