नई दिल्ली: भारतीय रेलवे का सफर हमेशा रोमांच और अनिश्चितताओं से भरा होता है, लेकिन कभी-कभी कुछ ऐसी घटनाएं सामने आ जाती हैं जो पुलिस और इंसानियत दोनों पर भरोसा और मजबूत कर देती हैं। ऐसा ही एक मामला गोंदिया रेलवे स्टेशन से सामने आया है, जहां एक महिला पुलिसकर्मी ने अपनी जान की परवाह किए बिना चलती ट्रेन में एक यात्री की जान बचा ली। अब इस बहादुरी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
चलती ट्रेन में अचानक बिगड़ी तबीयत
जानकारी के मुताबिक, ट्रेन जब गति में थी और गोंदिया रेलवे स्टेशन के पास पहुंच रही थी, तभी अचानक एक यात्री को मिर्गी का तेज दौरा पड़ गया। दौरे की वजह से उसका शरीर सुन्न पड़ गया और उस पर से उसका नियंत्रण पूरी तरह खत्म हो गया। वह ट्रेन के दरवाजे के पास असंतुलित होकर गिरने की कगार पर था, जहां जरा सी चूक उसकी जान ले सकती थी। आसपास मौजूद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कुछ पलों के लिए किसी को समझ नहीं आया कि क्या किया जाए।
#Operation_Jeevan Raksha #RPF_Gondia चलती ट्रेन मे गोंदिया रेलवे स्टेशन पर मिर्गी का दौरा पड़ने से असंतुलित हुए यात्री को #महिला_आरक्षक_दीपिका_बिसेन ने अदम्य साहस एवं कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल देते हुए यात्री की जान बचाई । @RPF_INDIA @rpfsecrhq @drmngpsecr @rpfpcg @gmsecr https://t.co/WofuCBAjC0
— RPF SECR NAGPUR (@rpfsecrnag) November 18, 2026
फरिश्ता बनकर पहुंचीं दीपिका बिसेन
ठीक उसी समय ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मी दीपिका बिसेन वहां पहुंच गईं। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए उन्होंने बिना एक सेकंड की देरी किए मोर्चा संभाल लिया। मिर्गी के दौरे से पीड़ित यात्री को संभालना बेहद जोखिम भरा था, क्योंकि इस दौरान मरीज कई बार अनियंत्रित होकर बचाव करने वाले को भी चोट पहुंचा सकता है। लेकिन दीपिका बिसेन ने अपनी ट्रेनिंग, सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए यात्री को कसकर थाम लिया। उन्होंने उसे सुरक्षित जगह पर पहुंचाया और तुरंत प्राथमिक सहायता और मेडिकल मदद की व्यवस्था करवाई।
उनकी इस तत्परता ने पल भर में एक बड़े हादसे को टाल दिया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे एक महिला पुलिसकर्मी ने अपनी परवाह किए बिना एक अनजान मुसाफिर की जान बचाने के लिए खुद को जोखिम में डाल दिया।
सोशल मीडिया पर हो रही तारीफ
इस वीडियो को एक्स पर rpfsecrnag ने अपने अकाउंट से शेयर किया है। वीडियो के सामने आते ही यह तेजी से वायरल हो गया। यूजर्स लगातार कमेंट कर महिला पुलिसकर्मी की तारीफ कर रहे हैं। लोग लिख रहे हैं कि यही खाकी का असली मानवीय और रक्षक रूप है। किसी ने दीपिका बिसेन को रियल हीरो बताया तो किसी ने कहा कि ऐसे पुलिसकर्मियों की वजह से ही लोगों का भरोसा वर्दी पर बना हुआ है।
प्रेरणा बन गई बहादुरी
दीपिका बिसेन की बहादुरी आज पूरे देश के लिए प्रेरणा बन गई है। उनकी सूझबूझ ने न सिर्फ एक परिवार को बड़ा दुख झेलने से बचा लिया, बल्कि यह भी साबित कर दिया कि ड्यूटी सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि इंसानियत निभाने का भी नाम है।












