छात्राओं की गरिमा से खिलवाड़ पर रामानुजन कॉलेज में संग्राम, अभाविप ने फूंका एनएसयूआई का पुतला

0
7

नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय का रामानुजन कॉलेज गुरुवार को छात्र राजनीति के विरोध प्रदर्शन का अखाड़ा बन गया। छात्राओं की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े गंभीर आरोपों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) दिल्ली के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया और एनएसयूआई का पुतला दहन कर अपना आक्रोश जाहिर किया। प्रदर्शनकारियों ने पूरे मामले की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) से जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई।

एनएसयूआई पदाधिकारी से जुड़े कथित व्हाट्सएप संदेश

विवाद की चिंगारी रामानुजन कॉलेज के एनएसयूआई पदाधिकारी अनस खान से जुड़े कथित व्हाट्सएप संदेशों से भड़की। सोशल मीडिया पर प्रसारित चैट में छात्राओं को पुरुषों के साथ समय बिताने के बदले पैसे,यात्रा, संगीत कार्यक्रमों के पास और अन्य सुविधाओं का प्रलोभन देने के आरोप सामने आए हैं। छात्राओं की शारीरिक बनावट के आधार पर चयन जैसी आपत्तिजनक बातें भी सामने आने का दावा किया गया है। शिकायत करने पर धमकाने के आरोपों ने मामले को और गंभीर बना दिया है।

संगठित नेटवर्क की जांच और जवाबदेही की मांग

अभाविप ने इस प्रकरण को केवल कॉलेज तक सीमित मामला मानने से इनकार करते हुए संभावित संगठित नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन और मानव तस्करी की आशंका की जांच कराने की मांग की। संगठन ने कांग्रेस और एनएसयूआई की महिला सुरक्षा पर राजनीतिक बयानबाजी को भी निशाने पर लिया। अभाविप ने वर्ष 2018 में एनएसयूआई के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष फिरोज खान पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों और कांग्रेस सांसद प्रो. बिमोल अकोइजाम से जुड़े मामले का हवाला देते हुए संगठनात्मक जवाबदेही पर सवाल उठाए। अकोइजाम के मामले में दिल्ली उच्च न्यायालय ने 2 नवंबर को सेवा समाप्ति के आदेश पर अंतरिम रोक लगाई थी। अभाविप दिल्ली के प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा कि छात्राओं की गरिमा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा। वहीं, दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष यश डबास ने कहा कि केवल निलंबन पर्याप्त नहीं, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई जरूरी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here