ताइवान पर कब्जे का इरादा या जंग की तैयारी, शी जिनपिंग का ऐलान, क्या 2027 में होगा बड़ा हमला?

0
6

नई दिल्ली: चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने ताइवान को लेकर एक बार फिर सख्त संदेश दिया है। उन्होंने कहा है कि ताइवान का चीन में एकीकरण तय है और इतिहास की धारा को कोई रोक नहीं सकता। शी ने ये बात चीन के क्रांतिकारी नेता सन यात-सेन की 160वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में कही।गुरुवार को बीजिंग के ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल में बोलते हुए शी ने ताइवान मुद्दे को चीनी कम्युनिस्ट पार्टी का अटल ऐतिहासिक मिशन बताया। उन्होंने कहा कि मुख्य भूमि चीन के साथ ताइवान का पूर्ण पुनर्एकीकरण होना ही है और इसे आखिरकार हासिल कर लिया जाएगा। उन्होंने शांतिपूर्ण समाधान की बात जरूर की, लेकिन ये संकेत नहीं दिया कि बीजिंग अपने पुराने रुख से पीछे हटेगा।

क्यों हो रही है 2027 की चर्चा

शी के बयान के बाद एक बार फिर सवाल उठने लगा है कि क्या 2027 में चीन ताइवान पर हमला कर सकता है? इसकी वजह 2026 में आई अमेरिकी खुफिया रिपोर्ट का वार्षिक खतरा आकलन है, जिसमें कहा गया है कि चीन जल्द ही ताइवान को अपने कब्जे में लेने की कोशिश कर सकता है। 2027 का जिक्र इसलिए भी हो रहा है क्योंकि शी जिनपिंग ने अपनी सेना पीएलए को 2027 तक ताइवान पर कब्जा करने की क्षमता विकसित करने का लक्ष्य दिया है। साथ ही 2027 में चीनी सेना की स्थापना के 100 साल भी पूरे हो रहे हैं। इसलिए इस साल को लेकर दुनिया भर में अटकलें तेज हैं।

APEC से पहले आया बयान

शी का ये बयान ऐसे समय में आया है जब इसी महीने चीनी शहर शेन्ज़ेन में एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग यानी APEC शिखर सम्मेलन होने वाला है। इसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के शामिल होने की संभावना है। ट्रंप, पुतिन और शी के बीच जी-3 बैठक की भी चर्चा है। चीनी विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की है कि तीनों देशों के बीच इस बैठक को लेकर बातचीत चल रही है। इसलिए शी के बयान का राजनीतिक महत्व काफी बढ़ गया है।

सन यात-सेन से क्यों जोड़ा एकीकरण

शी ने अपने भाषण में सन यात-सेन को राष्ट्रीय नायक, देशभक्त और चीन की लोकतांत्रिक क्रांति का अग्रदूत बताया। सन यात-सेन ने 1911 की क्रांति के जरिए चीन में शाही शासन खत्म करने और रिपब्लिक ऑफ चाइना की स्थापना में अहम भूमिका निभाई थी। शी ने इस मौके का इस्तेमाल चीन के एकीकरण के लक्ष्य को सन यात-सेन की विरासत से जोड़ने के लिए किया। यानी उन्होंने ये संदेश दिया कि ताइवान का एकीकरण सिर्फ सरकार का फैसला नहीं, बल्कि चीन के इतिहास और राष्ट्रीय गौरव से जुड़ा मिशन है। फिलहाल बीजिंग शांतिपूर्ण एकीकरण की बात कह रहा है, लेकिन उसके सख्त लहजे ने ताइवान और दुनिया के कई देशों की चिंता बढ़ा दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here