Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में अगले 6 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट, यूपी-उत्तराखंड की ओर मुड़ा मॉनसून

0
10
Weather, Weather Update
Weather, Weather Update

नई दिल्ली: उत्तर भारत के तपते मैदानों और पहाड़ी इलाकों के लिए राहत की खबर है. दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब तेजी से उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ की ओर बढ़ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश, गुजरात, बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ के बचे हुए हिस्सों को कवर करने के बाद मॉनसून ने अब उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड का रुख कर लिया है. हालांकि, देश की राजधानी दिल्ली को मॉनसून के लिए थोड़ा और इंतजार करना होगा.

दिल्ली-एनसीआर में मॉनसून की सुस्त चाल

दिल्ली में मॉनसून के पहुंचने की सामान्य तारीख 27 जून मानी जाती है, लेकिन इस बार इसमें करीब एक सप्ताह की देरी हो सकती है. कर्नाटक और महाराष्ट्र के तटीय इलाकों में करीब दस दिनों तक अटके रहने के बाद, अब मॉनसून सक्रिय हुआ है. मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली में मॉनसून जुलाई के पहले हफ्ते में दस्तक देगा. आंकड़ों के अनुसार, पिछले 25 वर्षों में यह 12वां मौका है जब मॉनसून जून के बजाय जुलाई में दिल्ली पहुंच रहा है. इसके बावजूद, प्री-मॉनसून गतिविधियों के चलते दिल्ली, पंजाब, चंडीगढ़ और हरियाणा में 25 से 27 जून और फिर 29 जून से 1 जुलाई के बीच हल्की बारिश, तेज हवाएं और बादलों की आवाजाही बनी रहेगी.

उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के लिए चेतावनी

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों के लिए अलग-अलग पूर्वानुमान जारी किया है. नोएडा और गाजियाबाद सहित पश्चिम उत्तर प्रदेश में 26 जून और फिर 29 जून से 1 जुलाई के बीच बारिश की संभावना है. वहीं 30 जून और 1 जुलाई को तेज बारिश का अलर्ट है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 26 से 29 जून तक कुछ स्थानों पर छिटपुट बारिश होगी. जबकि 29 जून से 1 जुलाई के बीच मुख्य बारिश का दौर शुरू होगा. हालांकि, पूर्वांचल, बिहार और झारखंड के कुछ हिस्सों में अभी भी लू का असर बना रह सकता है. पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में 29 जून से 1 जुलाई के बीच आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.

राजस्थान में धूल भरी आंधी

राजस्थान में अभी मॉनसून के पहुंचने में वक्त लगेगा. पश्चिमी राजस्थान में 26 जून को धूल भरी आंधी, बिजली चमकने और तेज हवाओं का अलर्ट है, जबकि पूर्वी राजस्थान में 27 जून से 1 जुलाई के बीच 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

हिमाचल-कश्मीर में अलर्ट

इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर में 25 जून से 1 जुलाई तक और हिमाचल प्रदेश में 30 जून व 1 जुलाई को गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. दूसरी ओर, पूर्वोत्तर भारत के पश्चिम बंगाल, सिक्किम और मेघालय में 27 से 29 जून के बीच भारी से अत्यंत भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here