नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को चंडीगढ़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। शाह ने कहा कि पंजाब में जल्द चुनाव होने वाले हैं और वहां NDA की प्रचंड जीत होगी। इस दौरान उन्होंने दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की रैली की टाइमिंग को सिखों का अपमान बताया।
अमित शाह ने क्या कहा
अमित शाह ने कहा, “1 नवंबर को पूरा देश एक अलग दृष्टि से भी याद करता है। 1984 में इसी दिन दिल्ली में कांग्रेस द्वारा प्रेरित दंगों में हजारों सिखों की निर्मम हत्या की गई थी। हजारों को जिंदा जला दिया गया, कई बच्चे अनाथ हो गए, कई बहनें विधवा हो गईं।” उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के विवादित बयान का जिक्र करते हुए कहा, “उस वक्त के पीएम राजीव गांधी ने कहा था कि बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती हिलती है। हजारों सिखों की हत्या को इस तरह से बताना कांग्रेस के नेता ही कर सकते हैं। मैंने वह स्टेटमेंट टीवी पर देखा था, मैं जीवन भर नहीं भूल सकता।” शाह ने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार आने के बाद 1984 दंगों के केस फिर से खोले गए, पीड़ितों को पांच-पांच लाख रुपये की मदद दी गई और कांग्रेस के बड़े नेताओं को जेल भेजा गया।
1 नवंबर 1984 को कांग्रेस ने दिल्ली में हजारों निर्दोष सिखों का नरसंहार कराया था, और आज उसी दिन राहुल गांधी ने दिल्ली में जलसा रखकर उन पीड़ित परिवारों के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया है। https://t.co/M0tluQYv1y
— Amit Shah (@AmitShah) November 1, 2026
राहुल पर लगाया विदेशी ऑर्डर का आरोप
गृह मंत्री ने कहा कि बीजेपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस से अपील की थी कि 1, 2 और 3 नवंबर को रैली न करें, क्योंकि यह सिख दंगों के दिन हैं और सिख समुदाय की भावनाएं जुड़ी हैं। लेकिन कांग्रेस ने जिद की। शाह ने आरोप लगाया, “विदेश से ऑर्डर आया कि जलसा उसी दिन होगा, जिस दिन हजारों सिखों को जलाया गया था।
राहुल गांधी ने आज दंगों के जख्म पर नमक छिड़कने का काम किया है। मैं गुरुओं की इस पावन भूमि से उनके इस कुत्सित प्रयास की घोर निंदा करता हूं। इसे पंजाब और भारत कभी नहीं भूलेगा।” उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी उस वक्त छोटे रहे होंगे, शायद इतिहास नहीं पढ़ा, इसलिए उन्हें मालूम नहीं कि यह दिन कितना संवेदनशील है। वहीं बीजेपी ने भी सोशल मीडिया पर INDIA गठबंधन की रैली को ‘ठगों का मेला’ करार दिया है।












