कर्नाटक: बेंगलुरु साउथ तालुक के मादापट्टना क्षेत्र में स्थित एक पत्थर की खदान में गुरुवार सुबह अचानक एक विशालकाय चट्टान ढह गई. इस भयानक हादसे की चपेट में आने से बिहार के रहने वाले 7 दिहाड़ी मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. वहीं, खदान में काम कर रहे कई अन्य श्रमिक मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हुए हैं.
सुबह के वक्त हुआ हादसा
स्थानीय पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना गुरुवार सुबह-सुबह उस समय घटित हुई जब सभी मजदूर रोजाना की तरह खदान में पत्थर तोड़ने और खुदाई के काम में जुटे हुए थे. साइट पर मौजूद एक चश्मदीद श्रमिक ने बताया कि दुर्घटना के वक्त वहां कुल 18 लोग काम कर रहे थे. इसी दौरान लगभग 40 फीट की ऊंचाई से एक बेहद भारी-भरकम चट्टान का हिस्सा सीधे काम कर रहे मजदूरों के ऊपर आ गिरा. चट्टान इतनी विशाल थी कि नीचे खड़े श्रमिकों को संभलने या भागने का मौका तक नहीं मिल सका.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि सभी 7 मृतक श्रमिक बिहार के मूल निवासी थे. यहां काम करने आए थे. पुलिस अब उनके परिजनों से संपर्क साधने और उन्हें इस त्रासदी की सूचना देने के प्रयास कर रही है. इस बीच, स्थानीय पुलिस थाने में मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू कर दी गई है. प्रशासन इस बिंदु पर मुख्य रूप से ध्यान केंद्रित कर रहा है कि आखिर इतनी बड़ी चट्टान कैसे दरकी. यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या स्टोन क्रशर संचालक द्वारा खदान में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी या काम के दौरान घोर लापरवाही बरती जा रही थी.
प्रशासन ने इलाका किया सील
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस बल और राहत-बचाव दल तुरंत हरकत में आए और घटना स्थल पर पहुंचे. मलबे को हटाने के लिए तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. अधिकारियों ने सुरक्षा के मद्देनजर पूरे मादापट्टना क्रशर क्षेत्र की घेराबंदी कर उसे सील कर दिया है.
घायलों आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई हैं
मलबे को पूरी तरह साफ किया जा रहा है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं कोई और श्रमिक अंदर न फंसा रह गया हो. चट्टान के नीचे से निकाले गए घायल मजदूरों को एम्बुलेंस के जरिए पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है. हालांकि, प्रशासन द्वारा अभी घायलों की सटीक संख्या की आधिकारिक पुष्टि की जानी बाकी है.
मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने व्यक्त किया शोक
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के दक्षिणी तालुक स्थित मदपट्टाना में हुए दर्दनाक खदान हादसे पर राज्य के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने गहरा शोक प्रकट किया है. क्रशर की दीवार गिरने की वजह से बिहार के सात मजदूरों की जान जाने की इस घटना को मुख्यमंत्री ने अत्यंत हृदयविदारक बताया.
मुख्यमंत्री शिवकुमार ने क्या कहा
मृतक श्रमिकों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री शिवकुमार ने कहा, ‘मदपट्टाना में क्रशर की दीवार ढहने से सात कामगारों की असामयिक मृत्यु बेहद पीड़ादायक है. इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं. ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और उनके परिजनों को यह भारी दुख सहने का शक्ति दें. साथ ही, हादसे में घायल हुए अन्य मजदूरों के जल्द से जल्द पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना करता हूं.’











