नई दिल्ली: ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म पर शुरू हुई दोस्ती का अंत एक खौफनाक वारदात में हुआ। कोलकाता में युवती की हत्या कर फरार हुआ आरोपी दिल्ली में लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, लेकिन आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने अंतरराज्यीय अभियान चलाकर हत्या के वांछित आरोपी धर्मवीर कुमार (26) को आनंद विहार अंतरराज्यीय बस अड्डे के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वहां से किसी दूसरे ठिकाने पर भागने की फिराक में था।
ऑनलाइन गेमिंग के जरिए हुई दोस्ती के बाद कोलकाता में युवती की हत्या के मामले में फरार आरोपी धर्मवीर कुमार को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने आनंद विहार बस अड्डे के पास से गिरफ्तार किया
अपराध शाखा के डीसीपी हर्ष इंदौरा ने बताया कि पश्चिम बंगाल के बैरकपुर पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत थाना बारानगर में 11 नवंबर को प्राथमिकी संख्या 511/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 103(1), 238(क) और 61(2)(क) में मामला दर्ज किया गया था। युवती के पिता राजेंद्र प्रसाद शॉ की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की थी। युवती अपने फ्लैट में बिस्तर पर मृत मिली थी और उसके गले में दुपट्टा बंधा हुआ था।
शादी का दबाव बना हत्या की वजह
जांच में सामने आया कि आरोपी और युवती की दोस्ती ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के जरिए हुई थी। आरोप है कि 10 नवंबर को युवती ने आरोपी पर शादी करने और उसे दिल्ली ले जाने का दबाव बनाया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने कथित तौर पर युवती के दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
सीसीटीवी और तकनीकी निगरानी से गिरफ्तारी
वारदात के बाद आरोपी पश्चिम बंगाल से दिल्ली पहुंचा और बवाना इलाके में छिपकर रह रहा था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और मुखबिरों की मदद से उसकी तलाश की। आखिरकार उसे आनंद विहार बस अड्डे के पास गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ असम में भी एक पुराना आपराधिक मामला दर्ज है।
दिल्ली और पश्चिम बंगाल पुलिस ने चलाया संयुक्त अभियान
इस कार्रवाई में निरीक्षक सतीश मलिक, उपनिरीक्षक अनुज छिकारा, प्रदीप दहिया, हितेश भारद्वाज, देवेंद्र कादियान, हेड कांस्टेबल अजय, भंवर सिंह और आजाद शामिल रहे। एसीपी राजपाल डबास की निगरानी में टीम ने पश्चिम बंगाल पुलिस के उपनिरीक्षक अवनीश राय और कांस्टेबल स्वपन कुमार मुड़ी व राकेश सिंह के साथ संयुक्त अभियान चलाया। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को पश्चिम बंगाल पुलिस के हवाले कर दिया गया।












