IND vs PAK Final: गोल्ड मेडल के लिए भिड़ेंगे भारत-पाकिस्तान, मगर फाइनल में नहीं होंगे मोहसिन नकवी, ACC ने बताई वजह

0
19

नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच एशियन गेम्स 2026 का मेन्स क्रिकेट फाइनल आज यानी 3 अक्टूबर को खेला जाएगा। दोनों टीमें गोल्ड मेडल के लिए आमने-सामने होंगी। मुकाबला सुबह 10 बजे नागोया के निशिन कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में शुरू होना है। मैच से पहले जिस बात को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा थी, उस पर अब तस्वीर साफ हो गई है।

एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के प्रमुख मोहसिन नकवी फाइनल मुकाबले के दौरान स्टेडियम में मौजूद नहीं रहेंगे।

पहले से तय कार्यक्रम के कारण नहीं पहुंचेंगे नकवी

ACC की ओर से बताया गया है कि मोहसिन नकवी पहले से तय व्यस्तताओं के चलते एशियन गेम्स के फाइनल डे में शामिल नहीं हो पाएंगे। उन्होंने गोल्ड और ब्रॉन्ज मेडल मैच खेलने वाली सभी चार टीमों को शुभकामनाएं दी हैं। नकवी ने भी अपनी पूर्व निर्धारित प्रतिबद्धताओं का हवाला देते हुए नागोया से दूर रहने की बात कही है।

नकवी की गैरमौजूदगी इसलिए भी चर्चा में थी क्योंकि हाल के भारत-पाकिस्तान मुकाबलों में ट्रॉफी प्रेजेंटेशन को लेकर विवाद देखने को मिला था। ऐसे में फाइनल के मंच पर उनकी मौजूदगी को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। अब ACC की पुष्टि के बाद यह सस्पेंस खत्म हो गया है।

सेमीफाइनल में भारत ने श्रीलंका को धोया

भारत को सेमीफाइनल में श्रीलंका की चुनौती मिली थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 169 रन बनाए। ईशान किशन ने नाबाद 80 रन की शानदार पारी खेली, जबकि वैभव सूर्यवंशी ने 21 गेंदों पर 38 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम सिर्फ 45 रन पर सिमट गई। भारत ने यह मुकाबला 124 रन से जीतकर फाइनल में जगह बनाई।

पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराया

पाकिस्तान का सेमीफाइनल बांग्लादेश के खिलाफ था। बारिश के कारण मैच 13-13 ओवर का कर दिया गया। बांग्लादेश ने 111 रन बनाए, जिसे पाकिस्तान ने 11.3 ओवर में 6 विकेट बाकी रहते हासिल कर लिया। भारत 2023 एशियन गेम्स का मेन्स क्रिकेट चैंपियन है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम के पास लगातार दूसरी बार गोल्ड जीतने का मौका है। वहीं पाकिस्तान की कप्तानी साहिबजादा फरहान कर रहे हैं। एशियन गेम्स में मेन्स क्रिकेट के इतिहास में यह भारत और पाकिस्तान की पहली भिड़ंत भी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here