नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब धीरे-धीरे विदा हो रहा है। इसी बीच मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों से मॉनसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। हालांकि, इसके बावजूद कई राज्यों में बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
दिल्ली समेत इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक 6 से 8 अक्टूबर के बीच पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के अलावा पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी मौसम बदलने की संभावना है। इन इलाकों में कुछ स्थानों पर बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भी बारिश हो सकती है। इसके अलावा बिहार, झारखंड और अरुणाचल प्रदेश में बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
दिल्ली में फिलहाल मौसम रहेगा साफ
दिल्ली-एनसीआर में शनिवार, 3 अक्टूबर को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। राजधानी में दिन के समय तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। फिलहाल दिल्ली में तापमान सामान्य के करीब रहने का अनुमान है। रविवार यानी 4 अक्टूबर को भी दिल्ली में मौसम साफ रहने की उम्मीद है। इस दिन अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की भी संभावना है। ऐसे में मॉनसून की विदाई के बीच देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलता नजर आएगा।












