ICC में फिर चला जय शाह का सिक्का, बिना विरोध दोबारा चुने गए चेयरमैन, दूसरा कार्यकाल तय

0
12

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के पूर्व सचिव जय शाह को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) का चेयरमैन फिर से चुना गया है। इंडोनेशिया के बाली में हुई ICC बोर्ड की बैठक में डायरेक्टर्स के प्रस्ताव के बाद उन्हें बिना किसी विरोध के लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए नियुक्त किया गया। ICC ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि बोर्ड ने जय शाह और उनकी लीडरशिप पर एक बार फिर पूरा भरोसा जताया है। बोर्ड के मुताबिक, शाह के नेतृत्व में क्रिकेट का ग्लोबल फैलाव नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है।

बोर्ड ने जताया शाह पर भरोसा

बोर्ड ने कहा कि शाह की दोबारा नियुक्ति इस बात का संकेत है कि क्रिकेट के अहम मोड़ पर मजबूत और स्थिर नेतृत्व को बरकरार रखा जाए। बैठक में LA28 ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। ICC ने हाल ही में आने वाले बड़े टूर्नामेंट्स के लिए रोडमैप भी जारी किया है, जिससे खेल के विकास के नए रास्ते खुलेंगे और ज्यादा से ज्यादा देशों की भागीदारी की उम्मीद है।

दोबारा नियुक्ति पर क्या बोले जय शाह?

दोबारा नियुक्ति के बाद जय शाह ने कहा कि ICC में काम करना उनके लिए सम्मान की बात है और यह भूमिका बड़ी जिम्मेदारी और जवाबदेही के साथ आती है। शाह ने कहा, “ICC बोर्ड ने मुझ पर जो भरोसा दिखाया है, उससे मैं बेहद सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मैं हर डायरेक्टर का उनके लगातार भरोसे और समर्थन के लिए दिल से आभारी हूं। ICC चेयरमैन के तौर पर काम करना खुशी और जिम्मेदारी दोनों है, और मैं दुनिया भर में क्रिकेट के हितों को आगे बढ़ाने के लिए अपने सदस्यों के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध हूं।”

LA28 ओलंपिक पर दिया जोर

उन्होंने आगे कहा, “हम अपने खेल के इतिहास के सबसे अहम और रोमांचक दौर में प्रवेश कर रहे हैं। LA28 में ओलंपिक खेलों में क्रिकेट की वापसी हमारे खेल को नए दर्शकों से जोड़ने और खिलाड़ियों व फैंस की नई पीढ़ी को प्रेरित करने का शानदार मौका है। हमारी जिम्मेदारी सिर्फ सफल इवेंट्स कराने तक सीमित नहीं है। हमें फैंस, खिलाड़ियों, कमर्शियल पार्टनर्स और अन्य अहम हितधारकों को ध्यान में रखते हुए खेल के लिए एक मजबूत और ज्यादा टिकाऊ भविष्य बनाना होगा।”

पहले कार्यकाल में क्या किया?

बता दें कि जय शाह दिसंबर 2024 में पहली बार ICC चेयरमैन बने थे। वे इस पद पर पहुंचने वाले सबसे युवा व्यक्ति थे। इससे पहले वे BCCI के सचिव और एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। अपने पहले कार्यकाल में उन्होंने क्रिकेट को ओलंपिक में शामिल कराने, महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने और एसोसिएट देशों को ज्यादा मौके देने पर जोर दिया था। अब दूसरे कार्यकाल में उनकी सबसे बड़ी चुनौती LA28 ओलंपिक को सफल बनाना, क्रिकेट के ग्लोबल कैलेंडर को संतुलित करना और खेल को नए बाजारों में पहुंचाना होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here