T20I के टॉप-5 पेसर्स की लिस्ट में नंबर तीन पर आए अर्शदीप सिंह, न्यूजीलेंड के खिलाफ तीसरे मैच में रचा कीर्तिमान

0
8

नई दिल्ली: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन में खेले जा रहे तीसरे टी20 मुकाबले में अर्शदीप सिंह ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली। टॉस जीतकर भारतीय कप्तान ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। न्यूजीलैंड ने पावरप्ले में एक विकेट खोकर 58 रन बनाए। इस दौरान अर्शदीप ने टिम सीफर्ट को आउट कर टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तेज गेंदबाजों की सूची में रिजवान बट को पीछे छोड़ दिया।

न्यूजीलैंड की पारी के दूसरे ओवर में अर्शदीप सिंह ने टिम सीफर्ट को पवेलियन भेजा। सीफर्ट केवल 2 रन बना सके और अक्षर पटेल ने उनका कैच पकड़ा। इस विकेट के साथ 27 वर्षीय भारतीय तेज गेंदबाज के टी20 इंटरनेशनल में कुल 149 विकेट हो गए। उन्होंने 102 मैचों में यह उपलब्धि हासिल की है। इससे पहले बहरीन के रिजवान बट 148 विकेट के साथ इस सूची में अर्शदीप से आगे थे। रिजवान ने 97 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में इतने विकेट लिए हैं। अब अर्शदीप इस सूची में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। वह भारत के लिए इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी हैं।

टिम साउदी और मुस्तफिजुर रहमान आगे

टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तेज गेंदबाजों की सूची में न्यूजीलैंड के पूर्व गेंदबाज टिम साउदी शीर्ष पर हैं। उन्होंने 126 मैचों में 164 विकेट हासिल किए। बांग्लादेश के मुस्तफिजुर रहमान 130 मुकाबलों में 163 विकेट लेकर दूसरे स्थान पर हैं। इस सूची में आयरलैंड के मार्क अडायर 142 विकेट के साथ पांचवें नंबर पर हैं।

वहीं, टी20 इंटरनेशनल में सभी तरह के गेंदबाजों को मिलाकर सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान के नाम है। उन्होंने 118 मैचों में 197 विकेट चटकाए हैं। कुल विकेटों की सूची में साउदी पांचवें, मुस्तफिजुर सातवें और अर्शदीप 12वें स्थान पर हैं। भारतीय गेंदबाजों में अर्शदीप के बाद जसप्रीत बुमराह का नंबर आता है। बुमराह ने 100 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 126 विकेट लिए हैं, लेकिन वह न्यूजीलैंड के खिलाफ इस टी20 सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा नहीं हैं।

फिन एलेन की तूफानी पारी, भारत को दूसरी सफलता

मैच के दौरान न्यूजीलैंड ने 10 ओवर में 100 रन पूरे कर लिए थे। मेजबान टीम को दूसरा झटका नितीश कुमार रेड्डी ने दिया। उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे फिन एलेन को आउट किया। एलेन ने 25 गेंदों में 40 रन बनाए, जिसमें पांच छक्के शामिल थे। नमन धीर ने उनका शानदार कैच लपका। खबर लिखे जाने तक डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स क्रीज पर मौजूद थे और भारत को दो विकेट मिल चुके थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here