गुरुग्राम: नशे के अवैध कारोबार पर गुरुग्राम पुलिस ने एक बार फिर शिकंजा कसते हुए गांजा तस्करी के नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है। नशे की खेप लेकर बाजार में उतरने की तैयारी कर रहे 21 वर्षीय युवक को पुलिस ने दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से 4 किलो 884 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है। पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के कारोबार में शामिल लोगों में हड़कंप मच गया है।
शीतला माता मंदिर के पास 4.884 किलो गांजा बरामद
जानकारी के अनुसार 25 नवंबर को एंटी नारकोटिक सेल सिकंदरपुर, गुरुग्राम की टीम अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए सक्रिय थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने शीतला माता मंदिर के नजदीक, सेक्टर-5 गुरुग्राम में कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध युवक को काबू किया। तलाशी लेने पर उसके पास से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
21 वर्षीय पवन के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पवन (21) निवासी मोतनाजे जिला मधुबनी, बिहार, हाल निवासी डीएलएफ फेज-4, गुरुग्राम के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद गांजे का वजन कराया, जो 4 किलो 884 ग्राम निकला। इसके बाद आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-5, गुरुग्राम में स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) के तहत मामला दर्ज किया गया।
60 हजार रुपये में खरीदा था गांजा, नेटवर्क की जांच जारी
प्रारंभिक पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह गांजा एक अन्य व्यक्ति से 60 हजार रुपये में खरीदा था। वह इसे गुरुग्राम में बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में था, लेकिन बिक्री से पहले ही पुलिस ने उसकी योजना पर पानी फेर दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर गांजे की आपूर्ति करने वाले व्यक्ति और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
Reported By: Pankaj Rai












