नई दिल्ली: रणबीर कपूर और साई पल्लवी की फिल्म ‘रामायण’ का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए गणेश चतुर्थी पर मेकर्स ने खास सरप्राइज दिया है. फिल्म का पहला गाना ‘जय जय राम’ रिलीज हो चुका है और इसके साथ ही सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर चर्चा तेज हो गई है. भक्ति से भरे इस गाने में भगवान राम की कहानी को भव्य अंदाज में दिखाया गया है.
रणबीर कपूर को भगवान राम के रूप में देखने के बाद से ही फैंस फिल्म की झलकियों का इंतजार कर रहे थे. अब पहले गाने ने उनकी एक्साइटमेंट और बढ़ा दी है. गाने के विजुअल्स में भव्य सेट, शानदार सिनेमैटोग्राफी और रामायण से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रसंग नजर आते हैं. इसकी धुन भी भक्तिभाव से जुड़ी हुई है, जो गाने को अलग प्रभाव देती है.
‘जय जय राम’ को अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसका संगीत ए. आर. रहमान ने तैयार किया है. गाने में राम और सीता के स्वयंवर से लेकर उनके विवाह, अयोध्या में राज्याभिषेक की तैयारियों और फिर वनवास की ओर बढ़ते राम की कहानी की झलक दिखाई गई है. इस वजह से यह गाना सिर्फ एक भक्ति गीत नहीं, बल्कि राम-सीता के रिश्ते और उनकी यात्रा की झलक भी देता है.
फैंस को पसंद आया राम-सीता का अंदाज
गाने में ‘राम सिया राम, जय जय राम’ की धुन से जुड़ा एक ोजाना-पहचाना एहसास भी सुनाई देता है. यही वजह है कि कई दर्शक इसे सुनकर भावुक नजर आए. सोशल मीडिया पर यूजर्स गाने की आवाज, संगीत और विजुअल्स की तारीफ कर रहे हैं. राम और सीता के रिश्ते को जिस तरह पर्दे पर दिखाने की कोशिश की गई है, वह भी दर्शकों का ध्यान खींच रहा है. कई फैंस का कहना है कि गाने की प्रस्तुति देखकर फिल्म को बड़े पर्दे पर देखने की उत्सुकता और बढ़ गई है.
लक्ष्मण और भरत की भी दिखी झलक
गाने में लक्ष्मण और भरत के किरदारों की झलक भी देखने को मिलती है. इन भूमिकाओं में रवि दुबे और आदिनाथ कोठारे नजर आएंगे. भव्य सेट और बड़े स्तर पर तैयार किए गए दृश्यों से फिल्म के विशाल पैमाने का अंदाजा लगाया जा सकता है.
दिवाली पर रिलीज होगी ‘रामायण’
मेकर्स की योजना के मुताबिक ‘रामायण’ का पहला पार्ट इस साल दिवाली के मौके पर 6 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगा. रिपोर्ट्स के अनुसार, पहले हिस्से में राम के वनवास तक की कहानी दिखाई जा सकती है. वहीं, हनुमान के किरदार की एंट्री दूसरे पार्ट में होने की चर्चा है.












