नई दिल्ली: रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में नकुल धुल और गुल्लू के बीच हुई लड़ाई ने दर्शकों का ध्यान खींच लिया है। दोनों के बीच शुरू हुई बहस देखते ही देखते हाथापाई तक पहुंच गई। इस घटना के बाद घर के दूसरे सदस्य भी मामले पर अपनी राय रखते नजर आए। अब इस पूरे विवाद के बीच बिग बॉस के पूर्व विनर एल्विश यादव की एक सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा में है। उन्होंने शो के नियमों को लेकर तंज कसा है, जिसे लोग नकुल और गुल्लू की लड़ाई से जोड़कर देख रहे हैं।
एल्विश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “इतने टाइम बाद आज बिग बॉस देखा। रूल्स बदल गए हैं शायद। अब जो पिट रहा है उसी को बाहर कर रहे हैं।” एल्विश ने अपनी पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया। हालांकि, बिग बॉस के मौजूदा विवाद को देखते हुए कई लोग इसे नकुल और गुल्लू के बीच हुई हाथापाई से जोड़ रहे हैं। फिलहाल एल्विश की ओर से इस बारे में कोई अलग स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।
Itne time baad aaj biggboss dekha Rules change hogye shayad ab jo pitra hai usi ko bahar karre hai. Sad #BiggBoss20
— Elvish Yadav (@ElvishYadav) October 13, 2026
गुल्लू से है एल्विश का पुराना कनेक्शन
एल्विश यादव और गुल्लू पहले एक साथ काम कर चुके हैं। गुल्लू एमटीवी के शो ‘रोडीज’ में एल्विश की गैंग का हिस्सा रह चुके हैं। इसके अलावा, उन्होंने ‘रोडीज डबल क्रॉस’ का खिताब भी अपने नाम किया था। जीत के साथ उन्हें ट्रॉफी, 10 लाख रुपये और एक बाइक मिली थी। यही वजह है कि एल्विश की पोस्ट को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है।
कैसे शुरू हुई नकुल और गुल्लू की लड़ाई?
मामले की शुरुआत काजी तौकीर और स्काउट से जुड़े एक विवाद से हुई। काजी द्वारा स्काउट के कान पर थूकने की बात को लेकर नकुल ने स्काउट को जानकारी दी। इसके बाद स्काउट, यंग और नकुल इस मुद्दे पर काजी से बात करने पहुंचे। इसी दौरान गुल्लू ने नकुल के बीच में बोलने पर सवाल उठाया। दोनों के बीच बहस बढ़ी और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
अब इस घटना पर बिग बॉस क्या फैसला लेते हैं, यह देखना दिलचस्प होगा। शो में शारीरिक हिंसा को लेकर क्या कार्रवाई होती है, इसका पता आगामी एपिसोड में चल सकता है। फिलहाल दर्शकों को आगे के एपिसोड का इंतजार है।












