राजस्थान: राजस्थान के टोंक जिले से दिल दहला देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. टोंक जिला पुलिस ने लवादर गांव में पांच दिन पहले हुई 70 साल की बुजुर्ग विधवा महिला हरबाई गुर्जर की नृशंस हत्या का पर्दाफाश कर दिया है. कातिल ने बुजुर्ग महिला की गर्दन, दोनों हाथ और दोनों पैर धड़ से अलग कर दिए थे. पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बने इस ‘ब्लाइंड मर्डर केस’ को सुलझाते हुए पुलिस ने मृतका की पड़ोस में ही रहने वाली 50 वर्षीय विधवा रसाल देवी वैष्णव को गिरफ्तार कर लिया है. टोंक एसपी रोशन मीना के निर्देश पर डीएसपी मृत्युंजय मिश्रा के नेतृत्व वाली विशेष टीम ने कड़ियों से कड़ियां जोड़ते हुए इस खौफनाक मामले का खुलासा किया.
कुल्हाड़ी से उतारा मौत के घाट
पुलिस अधीक्षक (एसपी) रोशन मीना ने बताया कि आरोपी रसाल देवी वैष्णव भारी कर्ज के दलदल में धंसी हुई थी. उसने अपनी तीन संतानों की शादी के लिए साहूकारों से मोटा कर्ज लिया था. जो ब्याज समेत बढ़कर करीब 25 लाख रुपये हो चुका था. इसमें से 8 लाख रुपये की रकम उसे तुरंत चुकानी थी और साहूकार उस पर पैसे लौटाने का लगातार मानसिक दबाव बना रहे थे.
रची थी खौफनाक साजिश
रसाल देवी की नजर पड़ोस में रहने वाली बुजुर्ग हरबाई गुर्जर के हाथ और पैरों में पहने गए चांदी के भारी कड़ों पर थी. कर्ज से मुक्ति पाने के लिए उसने एक खौफनाक साजिश रची. 9 जून को रसाल देवी ने हरबाई को बहला-फुसलाकर अपने घर पर चाय पीने के लिए बुलाया. जैसे ही बुजुर्ग महिला बातों में व्यस्त हुई, रसाल देवी ने पीछे से कुल्हाड़ी उठाकर उसकी गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे मौके पर ही हरबाई की मौत हो गई. इसके बाद बेरहमी की हदें पार करते हुए उसने कुल्हाड़ी से मृतका के सिर, दोनों हाथों और दोनों पैरों को काटकर धड़ से अलग कर दिया और चांदी के सारे जेवरात निकाल लिए.
कचरे के ढेर में फेंका शव
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला ने खून से सने धड़ और हाथ-पैर के पंजों को एक प्लास्टिक की बोरी में भरा और रात के अंधेरे में गांव के बाहर बने एक कूड़ेदान में फेंक आई. पहचान छुपाने के लिए उसने सिर को धड़ से कुछ दूरी पर ले जाकर छिपा दिया. इस जघन्य कृत्य के बाद रसाल देवी कानूनी शिकंजे से बचने के लिए लगातार तीन दिनों तक अपने घर से बाहर नहीं निकली. इस दौरान उसने घर के भीतर फैले खून के धब्बों और हत्या से जुड़े तमाम सबूतों को पूरी तरह मिटाने की कोशिश की। 11 जून की देर शाम ग्रामीणों को बोरी में बंद बुजुर्ग महिला का क्षत-विक्षत धड़ मिला था, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
आला-ए-कत्ल और चांदी के कड़े बरामद
मृतका हरबाई गुर्जर अपने पति की मौत के बाद लवादर गांव में अपने मायके में भाई के मकान के सामने ही एक कच्ची झोंपड़ी में अकेली रहती थी. मेंहदवास थाना पुलिस ने आरोपी रसाल देवी को हिरासत में लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और मृतका से लूटे गए चांदी के कड़े बरामद कर लिए हैं. फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर रही है.
















