पूर्वी दिल्ली: कृष्णा नगर विधानसभा क्षेत्र में जनसमस्याओं के समाधान को लेकर थाना जगतपुरी में आयोजित थाना कमेटी की बैठक में अतिक्रमण यातायात जाम और अव्यवस्थित पार्किंग के मुद्दे प्रमुखता से उठे। विधायक डॉ. अनिल गोयल के नेतृत्व में हुई बैठक में स्थानीय लोगों की परेशानियों पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों से प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई। बैठक में सहायक पुलिस आयुक्त पवन कुमार थाना प्रभारी अभिषेक और यातायात निरीक्षक अभिषेक चैतन्य सहित थाना कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ नागरिकों को रोजमर्रा की समस्याओं से राहत दिलाने के लिए ठोस समाधान तलाशना रहा।
अतिक्रमण से सड़कें संकरी, जाम से जनता परेशान
बैठक में बाजारों और प्रमुख सड़कों के आसपास बढ़ते अतिक्रमण पर चिंता जताई गई। कमेटी सदस्यों ने कहा कि सड़कों पर कब्जे के कारण आवागमन प्रभावित होता है और वाहन चालकों को लंबे जाम का सामना करना पड़ता है। वहीं, पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था के अभाव में सड़कों पर खड़े वाहन यातायात की रफ्तार रोकते हैं।
अधिकारियों ने दिया कार्रवाई का भरोसा
सहायक पुलिस आयुक्त पवन कुमार और थाना प्रभारी अभिषेक ने सदस्यों की शिकायतें सुनकर समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। यातायात व्यवस्था सुधारने और अतिक्रमण से उत्पन्न बाधाओं को कम करने पर भी चर्चा हुई।
विधायक डॉ. अनिल गोयल ने नियमित समीक्षा और संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया। बैठक से स्थानीय नागरिकों को उम्मीद जगी है कि समस्याओं पर कार्रवाई होगी और क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाने की दिशा में ठोस पहल होगी।












