विरासत का गौरव, विकास की नई उड़ान, भारत मंडपम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया दिल्ली मंडप का भव्य उद्घाटन

0
11

नई दिल्ली: राजधानी की ऐतिहासिक विरासत जब आधुनिक विकास के रंगों में सजी तो भारत मंडपम में दिल्ली की अलग ही चमक नजर आई। कहीं कला और संस्कृति की झलक कहीं महिला उद्यमियों के हुनर का प्रदर्शन, तो कहीं पर्यावरण संरक्षण और भविष्य की विकास योजनाओं की तस्वीर। मौका था 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले का जहां मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को भव्य समारोह के बीच ‘दिल्ली मंडप’ का उद्घाटन किया। इस बार व्यापार मेले में दिल्ली को ‘फोकस स्टेट का विशेष दर्जा मिला है।

उद्घाटन समारोह में बच्चों की मनमोहक शास्त्रीय कथक प्रस्तुति ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न प्रदर्शनी स्थलों का भ्रमण किया और उद्यमियों कारोबारियों तथा शिल्पकारों से मुलाकात कर उनके उत्पादों और कार्यों की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली केवल देश की राजधानी नहीं, बल्कि समृद्ध ऐतिहासिक विरासत, विविध संस्कृति, उद्यमशीलता और आधुनिक विकास का जीवंत प्रतीक है। दिल्ली मंडप इसी बहुआयामी पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत कर रहा है। सरकार का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान दिलाने के साथ उन्हें नए बाजारों और अवसरों से जोड़ना है।

62 स्टॉल, महिला शक्ति को खास सम्मान

दिल्ली मंडप को 996 वर्ग मीटर क्षेत्र में तैयार किया गया है। यहां कुल 62 स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें महिला उद्यमियों को विशेष प्राथमिकता देते हुए 10 स्टॉल आवंटित किए गए हैं। इसके अलावा 14 सरकारी विभागों एवं संस्थानों 25 निजी प्रदर्शकों, छह प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम योजना और सात एक जिला एक उत्पाद तथा निर्यातकों के स्टॉल शामिल हैं।

विरासत भी, विकास भी और पर्यावरण का संदेश भी

मंडप में दिल्ली की ऐतिहासिक पहचान के साथ नमो वन, स्वच्छ यमुना और विद्युत वाहनों को बढ़ावा देने जैसी पहलों को भी प्रमुखता दी गई है। शिक्षा, परिवहन, समाज कल्याण, पर्यटन, जल बोर्ड, कारागार विभाग, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड सहित विभिन्न सरकारी संस्थानों ने अपनी उपलब्धियों और योजनाओं को प्रदर्शित किया है।

स्थानीय हुनर को मिलेगा वैश्विक बाजार

दिल्ली मंडप का उद्देश्य केवल सरकारी उपलब्धियां दिखाना नहीं, बल्कि छोटे कारोबारियों, महिला उद्यमियों, कारीगरों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को नए खरीदारों से जोड़ना भी है। दिल्ली राज्य औद्योगिक एवं आधारभूत ढांचा विकास निगम को मंडप की नोडल एजेंसी बनाया गया है। इस आयोजन के जरिए दिल्ली सरकार ने साफ संदेश दिया है कि राजधानी की पहचान सिर्फ उसके ऐतिहासिक स्मारकों से नहीं, बल्कि यहां के मेहनतकश उद्यमियों, महिला शक्ति और विकास की नई सोच से भी बनती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here