नई दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर हितों के टकराव के आरोपों में घिर गए हैं। एक भ्रष्टाचार विरोधी संगठन की जांच में दावा किया गया है कि ट्रंप ने ऐसे समय में एनवीडिया कंपनी के लाखों डॉलर के शेयर खरीदे, जब उनकी सरकार चीन को एडवांस्ड एआई चिप्स बेचने से जुड़े नियमों में ढील देने जा रही थी।
नियम हटने से ठीक पहले हुई शेयरों की खरीद
जांच करने वाले संगठन डीक्लेप्टोक्रेसी के मुताबिक, ट्रंप ने मई 2025 में 10 लाख से 50 लाख डॉलर के बीच के एनवीडिया शेयर खरीदे थे। इसके कुछ ही दिन बाद उनकी सरकार ने बाइडेन सरकार के समय लागू एआई डिफ्यूजन फ्रेमवर्क को खत्म कर दिया। यह नियम अमेरिका की सबसे आधुनिक एआई तकनीक को चीन तक पहुंचने से रोकने के लिए बनाया गया था।
चीन के लिए फिर खुला एनवीडिया का बाजार
अमेरिका को डर था कि चीन इन चिप्स का इस्तेमाल करके ज्यादा ताकतवर एआई सिस्टम बना सकता है और इस दौड़ में अमेरिका से आगे निकल सकता है। लेकिन नियम हटते ही एनवीडिया के लिए चीन का बाजार फिर से खुल गया। चीन पहले से ही कंपनी का बड़ा बाजार रहा है। 2010 से 2022 के बीच कंपनी की कुल बिक्री में चीन की हिस्सेदारी करीब एक चौथाई थी।
नियम हटाने की घोषणा के तुरंत बाद एनवीडिया के शेयरों में तेजी आई। आरोप है कि उस समय तक ट्रंप खुद कंपनी के बड़े शेयरधारक बन चुके थे। उनके वित्तीय खुलासे में एप्पल, मेटा और माइक्रोसॉफ्ट जैसी बड़ी टेक कंपनियों के शेयरों की खरीद का भी जिक्र है।
H200 चिप बेचने की मिली अनुमति
मामला यहीं नहीं रुका। दिसंबर 2025 में ट्रंप ने एनवीडिया को चीन को अपना सबसे एडवांस्ड H200 चिप बेचने की अनुमति देने का ऐलान किया। जनवरी 2026 में वाणिज्य विभाग ने इसे मंजूरी दे दी। H200 को उस समय चीन में मौजूद चिप्स से करीब छह गुना ज्यादा ताकतवर बताया जा रहा था।
इस फैसले की काफी आलोचना हुई। अमेरिका के थिंक टैंक काउंसिल ऑन फॉरेन रिलेशन्स ने चेतावनी दी कि इस बिक्री से चीन की आने वाली एआई फैक्ट्रियों को बड़ी ताकत मिल सकती है और अमेरिका के एक बड़े प्रतिद्वंद्वी को मजबूती मिलेगी।
फैसले के बाद फिर खरीदे शेयर
खुलासे में यह भी सामने आया है कि H200 वाले फैसले की घोषणा के बाद ट्रंप ने कम से कम तीन बार और एनवीडिया के शेयर खरीदे। हर बार सौदे की कीमत ढाई लाख से पांच लाख डॉलर के बीच थी। राष्ट्रपति बनने के बाद से उन्होंने कंपनी के शेयरों से जुड़े दर्जनों सौदे किए हैं।
निजी हितों ने फैसले को प्रभावित किया?
डीक्लेप्टोक्रेसी ने सवाल उठाया है कि क्या ट्रंप के निजी वित्तीय हितों ने इन फैसलों को प्रभावित किया। संगठन ने लिखा है कि जब देश इस बात पर बहस कर रहा है कि एक कथित चीनी जासूस ने एआई कंपनी के पक्ष में व्हाइट हाउस की नीति को प्रभावित किया होगा या नहीं, तो राष्ट्रपति के अपने वित्तीय हितों की भी उतनी ही जांच होनी चाहिए।












