नई दिल्ली: बीमा पॉलिसी पर लाखों रुपये का लोन दिलाने का सपना दिखाकर लोगों की मेहनत की कमाई पर डाका डालने वाले अंतरराज्यीय साइबर ठगों के गिरोह का दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस ने पर्दाफाश किया है। साइबर पुलिस की टीम ने दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में सक्रिय इस संगठित गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर ठगी के नेटवर्क की कई अहम कड़ियां उजागर की हैं। आरोपी खुद को बैंक और बीमा कंपनी का अधिकारी बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। कभी प्रोसेसिंग फीस, कभी जीएसटी तो कभी निकासी शुल्क के नाम पर पीड़ितों से बार-बार रकम वसूलते थे।
बीमा पॉलिसी पर लोन का झांसा देकर ठगी
साउथ वेस्ट दिल्ली डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि महावीर एन्क्लेव, पालम निवासी एक व्यक्ति ने 14 जुलाई 2020 को जीवन बीमा पॉलिसी खरीदी थी। आर्थिक परेशानियों के कारण वह आगे प्रीमियम जमा नहीं कर सका। इसी दौरान साइबर ठगों ने उससे संपर्क किया और पॉलिसी के बदले आकर्षक ऋण दिलाने का भरोसा दिया। आरोपियों ने बैंकिंग और बीमा अधिकारियों का रूप धारण कर उसे विश्वास में लिया। इसके बाद कागजी कार्रवाई, फाइल शुल्क, पॉलिसी निकासी शुल्क, जीएसटी और अन्य खर्चों के नाम पर अलग-अलग किस्तों में पैसे ऐंठने शुरू कर दिए।
फर्जी मैसेज भेजकर 2.76 लाख रुपये ठगे
ठगी का खेल यहीं नहीं रुका। आरोपियों ने पीड़ित को फर्जी संदेश भेजकर दावा किया कि उसके खाते में 41,94,659.83 रुपये जमा हो चुके हैं। इस रकम को जारी कराने के नाम पर भी उससे अतिरिक्त भुगतान मांगा गया। लाखों रुपये का लोन मिलने की उम्मीद में पीड़ित ने आरोपियों द्वारा बताए गए विभिन्न बैंक खातों में कुल 2,76,012 रुपये ट्रांसफर कर दिए। लेकिन न तो लोन मिला और न ही उसकी रकम वापस हुई। इसके बाद पीड़ित ने साइबर पुलिस से शिकायत की। मामले में 9 जुलाई 2026 को ई-एफआईआर संख्या 451/26, भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 319(2), 340 और 61(2) के तहत साइबर थाना, दक्षिण-पश्चिम जिला में मुकदमा दर्ज किया गया।
बैंक खातों की पड़ताल से खुला ठगी का राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर पुलिस ने बैंक खातों, लेनदेन, तकनीकी जानकारियों और डिजिटल साक्ष्यों की बारीकी से जांच शुरू की। वित्तीय जांच में सामने आया कि ठगी की रकम में से 2.10 लाख रुपये अंसार अहमद के नाम पर पंजीकृत बैंक खाते में पहुंचे थे। इसके बाद यह रकम तारीफ अनवर से जुड़े खातों के माध्यम से आगे भेजी गई। पुलिस ने पैसों के इस पूरे रास्ते का पीछा करते हुए गिरोह के सदस्यों की पहचान की।
लोनी से मुख्य आरोपी गिरफ्तार, तीन अन्य भी दबोचे
तकनीकी निगरानी और वित्तीय लेनदेन के विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने सबसे पहले तारीफ अनवर को लोनी, उत्तर प्रदेश से दबोचा। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह अपने साथियों अमित कुमार शर्मा और ओमेश्वर दयाल शर्मा के माध्यम से जीवन बीमा पॉलिसी धारकों की जानकारी जुटाता था। इसके बाद लोगों को फोन कर बीमा पॉलिसी पर लोन दिलाने का झांसा दिया जाता था। आगे की जांच में पुलिस ने अंसार अहमद, अमित कुमार शर्मा और ओमेश्वर दयाल शर्मा को भी दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग ठिकानों से गिरफ्तार कर लिया। जांच में खुलासा हुआ कि चारों आरोपी गिरोह में अलग-अलग जिम्मेदारियां निभा रहे थे। कोई पॉलिसी धारकों का डाटा जुटाता था, कोई फर्जी अधिकारी बनकर फोन करता था, तो कोई ठगी की रकम हासिल करने के लिए बैंक खातों का इंतजाम करता था।
चार आरोपी गिरफ्तार, छह मोबाइल फोन बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तारीफ अनवर (34), निवासी लोनी, गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश; अंसार अहमद (47), निवासी राजीव नगर, श्रीराम कॉलोनी, दिल्ली; ओमेश्वर दयाल शर्मा (36), निवासी न्यू उस्मानपुर, दिल्ली और अमित कुमार शर्मा (36), निवासी करतार नगर, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तारीफ अनवर बैंक अधिकारी बनकर पीड़ितों को फोन करता था और ठगी की रकम प्राप्त करने व आगे भेजने के लिए बैंक खातों का इंतजाम भी करता था। अंसार अहमद ने कमीशन के बदले अपना बैंक खाता ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए उपलब्ध कराया था। ओमेश्वर दयाल शर्मा बीमा पॉलिसी धारकों की जानकारी जुटाने और बीमा अधिकारी बनकर लोगों को झांसा देने में शामिल था। वहीं अमित कुमार शर्मा उसके साथ मिलकर पॉलिसी धारकों का डाटा और फर्जी सिम कार्ड जुटाने के साथ बैंक अधिकारी बनकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था।
मोबाइल में मिले ठगी से जुड़े डिजिटल सबूत
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनमें आपत्तिजनक बातचीत, बैंक खातों की जानकारी, लॉगिन विवरण और अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। पुलिस इन डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर गिरोह के अन्य संपर्कों, संभावित पीड़ितों और पैसों के लेनदेन की कड़ियों को खंगाल रही है।
साइबर ठगी गिरोह के पर्दाफाश में इनकी रही भूमिका
इस अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अरविंद कुमार, हेड कांस्टेबल बजरंग, हेड कांस्टेबल सोमवीर, हेड कांस्टेबल संजय और हेड कांस्टेबल सचिन शामिल रहे। पूरी कार्रवाई निरीक्षक प्रवेश कौशिक, थाना प्रभारी साइबर दक्षिण-पश्चिम जिला के पर्यवेक्षण में तथा सहायक पुलिस आयुक्त (ऑपरेशंस) संदीप घई के मार्गदर्शन में अंजाम दी गई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त-प्रथम अभिमन्यु पोसवाल ने बताया कि पुलिस ने वित्तीय लेनदेन और तकनीकी निगरानी के जरिए गिरोह का पर्दाफाश किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।












