नई दिल्ली: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक यात्री फ्लाइट में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विमान ने सऊदी अरब के ऊपर उड़ते हुए अचानक इमरजेंसी कोड भेज दिया और रास्ता बदल लिया। विमान में करीब 180 यात्री सवार थे। घटना के बाद इजरायल में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया और लड़ाकू विमानों को भी रवाना किया गया।
ट्रैकिंग वेबसाइटों से गायब हुआ विमान
फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, विमान ने पहले 7700 स्क्वॉक कोड भेजा, जो किसी गंभीर तकनीकी या आपात स्थिति का संकेत होता है। इसके कुछ ही मिनट बाद विमान से 7500 कोड ट्रांसमिट हुआ, जिसे एविएशन की भाषा में हाईजैक या गैरकानूनी दखल का सबसे गंभीर अलर्ट माना जाता है। इसी के बाद फ्लाइट ने तेल अवीव की तरफ जाने के बजाय सऊदी अरब की ओर मुड़ना शुरू कर दिया।
#FZ1073 from Dubai to Tel Aviv squawking 7700 en route to Tel Aviv.https://t.co/BI5p7bTPrw pic.twitter.com/7fUP8XwwP3
— Flightradar24 (@flightradar24) September 30, 2026
विमान को आखिरी बार सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट के पास ट्रैक किया गया और थोड़ी देर बाद वहीं उसकी सुरक्षित लैंडिंग करा दी गई। हालांकि लैंडिंग के बाद विमान ट्रैकिंग वेबसाइटों से गायब हो गया।
प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री ने आपातकालिन बैठक
7500 कोड आते ही इजरायली सुरक्षा एजेंसियां एक्टिव हो गई और इजरायली वायुसेना ने फाइटर जेट्स को उस विमान को एस्कॉर्ट करने के लिए भेजा। इजरायली मीडिया के मुताबिक, घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने आपात बैठक भी की। पहले आशंका जताई जा रही थी कि विमान हाईजैक हो गया है।
क्या हाईजैक हुआ विमान?
हालांकि, बाद में जो जानकारी सामने आई उसने सभी को हैरान कर दिया। सुरक्षा सूत्रों के हवाले से इजरायली मीडिया ने बताया कि हाईजैक जैसी कोई घटना नहीं हुई थी, बल्कि कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई थी। बहस इतनी बढ़ गई कि हालात बिगड़ गए और इसी दौरान इमरजेंसी कोड ट्रांसमिट हो गए।
फिलहाल विमान तबूक एयरपोर्ट पर है और यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। सऊदी एविएशन अथॉरिटी और इजरायली एजेंसियां मिलकर पूरे मामले की जांच कर रही हैं। यह साफ नहीं हो पाया है कि पायलटों के बीच विवाद किस वजह से हुआ था। इस बात को लेकर तबूक में पूछताछ के बाद ही पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।











