अमेरिका में सभी उड़ानों पर लगी रोक, FAA का सिस्टम क्रैश होने से हजारों यात्री एयरपोर्ट पर फंसे

0
12

नई दिल्ली: अमेरिका में शुक्रवार दोपहर हवाई यातायात अचानक रुकने से हजारों यात्रियों की परेशानी बढ़ गई। देशभर में सभी उड़ानों को तत्काल प्रभाव से रोकने का आदेश जारी कर दिया गया। क्षेत्रीय एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) केंद्रों की संचार व्यवस्था में गंभीर तकनीकी खराबी आने के बाद फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने यह फैसला लिया। हालांकि, जो विमान पहले से आसमान में थे, उन्हें सुरक्षित लैंडिंग की अनुमति दी गई। इस फैसले का असर बोस्टन समेत कई शहरों के एयरपोर्ट पर दिखाई दिया, जहां बड़ी संख्या में यात्री फंस गए। FAA ने एक आधिकारिक नोटिस जारी कर बताया कि असाधारण हालात और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ग्राउंड स्टॉप लगाया गया है। इसके बाद देश के एयरपोर्ट्स पर उड़ानों का संचालन प्रभावित हो गया। यात्रियों को अगली सूचना तक इंतजार करने के लिए कहा गया।

अमेरिकी परिवहन सचिव सीन डफी ने बताया कि संचार व्यवस्था में आई गड़बड़ी से देश के 22 क्षेत्रीय एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्र प्रभावित हुए हैं। ये केंद्र अलग-अलग एयरपोर्ट्स के बीच उड़ान भरने वाले विमानों को जरूरी निर्देश देते हैं। FAA के तकनीकी विशेषज्ञ खराबी की वजह जानने में जुटे हैं। होमलैंड सिक्योरिटी विभाग के सचिव मार्कवेन मुलिन ने कहा कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों में कम्युनिकेशन फेलियर के कारण उड़ानों को रोकना पड़ा। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को हालात की जानकारी दे दी गई थी और सभी विमानों की स्थिति पर नजर रखी जा रही थी। अधिकारियों ने लोगों से घबराने की जरूरत नहीं होने की बात कही।

तकनीकी अपडेट के बाद क्रैश हुआ FAA का सिस्टम

CBC न्यूज ने सूत्रों के हवाले से बताया कि इस गड़बड़ी की वजह एक तकनीकी अपडेट हो सकता है। एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों को जोड़ने वाले नेटवर्क का संचालन करने वाली कंपनी L3Harris के सिस्टम में अपडेट किया गया था। इसके बाद FAA का टेलीकम्युनिकेशन सिस्टम रीबूट हुआ, लेकिन दोबारा शुरू होने पर क्रैश कर गया। इससे देशभर में हवाई सेवाएं प्रभावित हो गईं। जनवरी 2023 में FAA के मुख्य कंप्यूटर सिस्टम में खराबी के कारण भी पूरे अमेरिका में उड़ानें रोकी गई थीं। इससे पहले 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों के बाद देश का हवाई यातायात पूरी तरह बंद किया गया था।

पुरानी तकनीक बदलने के लिए चाहिए 30 अरब डॉलर

अमेरिकी सरकार एयर ट्रैफिक कंट्रोल की पुरानी तकनीक को बदलने पर काम कर रही है। पिछले साल कांग्रेस ने इसके लिए 12.5 अरब डॉलर मंजूर किए थे। पुराने तांबे के तारों की जगह फाइबर ऑप्टिक लाइनें बिछाई जा रही हैं और एयरपोर्ट्स के रेडियो सिस्टम बदले जा रहे हैं। परिवहन सचिव सीन डफी के अनुसार, इस काम को पूरा करने के लिए 30 अरब डॉलर और चाहिए। व्हाइट हाउस इसके लिए कांग्रेस से मंजूरी लेने की कोशिश कर रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here