वृंदावन: भाई दूज के पावन पर्व पर विश्वप्रसिद्ध ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई। मंदिर की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों से लेकर संकरी गलियों तक श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। दीपावली के तीसरे दिन भी भक्तों का उत्साह चरम पर रहा और दर्शन के लिए उमड़ी भीड़ ने वृंदावन की गलियों को खचाखच भर दिया।
भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस ने की कड़ी मशक्कत
कार्तिक मास और दीपावली के बाद लगातार पड़ रहे त्योहारों के चलते धर्मनगरी में श्रद्धालुओं की आमद लगातार बढ़ रही है। भाई दूज पर सुबह से ही मंदिर के आसपास के बाजारों, प्रमुख चौराहों और प्रवेश मार्गों पर भीड़ का दबाव देखने को मिला। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। जगह-जगह बनाए गए होल्डिंग एरिया में श्रद्धालुओं को रोककर चरणबद्ध तरीके से मंदिर की ओर भेजा गया। सुरक्षा घेरा और रस्सियों के सहारे भीड़ को नियंत्रित कर दर्शन व्यवस्था सुचारु बनाए रखने का प्रयास किया गया।
कार्तिक मास में दर्शन का विशेष महत्व, भीड़ बनी रहेगी
श्रीबांकेबिहारी मंदिर के सेवायत हिमांशु गोस्वामी ने बताया कि कार्तिक मास में ठाकुरजी के दर्शन का विशेष महत्व है। इसके साथ ही त्योहारों की लगातार छुट्टियों के कारण देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु वृंदावन पहुंच रहे हैं। यही वजह है कि मंदिर में भक्तों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। उन्होंने संभावना जताई कि पूरे कार्तिक मास में मंदिर में इसी तरह श्रद्धालुओं की भारी भीड़ बनी रहेगी।
सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम जरूरी
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए व्यापक इंतजाम बेहद जरूरी हैं। दूर-दराज से आने वाले भक्तों को बिना किसी परेशानी के दर्शन मिल सकें, इसके लिए मंदिर प्रबंधन और प्रशासन को लगातार समन्वय बनाकर काम करना होगा। वहीं, प्रशासन की ओर से भीड़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।












