14 साल बाद स्पेन में देशव्यापी हड़ताल, हजारों लोग सड़कों पर उतरे, प्रदर्शनों से मचा हड़कंप

0
11

नई दिल्ली: बीते कुछ महीनों से दुनिया के कई देशों में चल रहे विरोध-प्रदर्शनों की लहर अब स्पेन तक पहुंच गई है। स्पेन के लाखों कर्मचारी बुधवार, 11 नवंबर को हड़ताल पर हैं। देश में आवास संकट यानी हाउसिंग क्राइसिस को लेकर ये लोग सड़कों पर उतरे हैं। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि सरकार हाउसिंग क्राइसिस से निपटने के लिए ठोस कदम उठाए। ये बीते 14 वर्षों में स्पेन की पहली आम हड़ताल है। इस दौरान कई शहरों, खासतौर से राजधानी मैड्रिड में सड़कों पर टायर जलाने और छिटपुट हिंसा की खबरें आई हैं।

परिवहन और कारोबार पर असर

एपी के मुताबिक, 14 साल बाद हुई इस आम हड़ताल से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पटरी से उतर सकती है। साथ ही कारोबार, कारखाने, दुकानों और दूसरी आर्थिक गतिविधियों पर भी असर पड़ेगा। एक्सपर्ट का कहना है कि देश के आम चुनाव से तीन हफ्ते पहले हो रही ये हड़ताल धुर दक्षिणपंथी दलों के सत्ता में आने का रास्ता खोल सकती है।

दोनों बड़ी यूनियन शामिल

हड़ताल के शुरुआती घंटों में देश के दूसरे सबसे बड़े शहर बार्सिलोना में टायर जलाकर सड़कें रोकी गईं। राजधानी मैड्रिड के बाहरी इलाके में स्थित मुख्य थोक बाजार के पास हड़ताल कर रहे लोगों और पुलिस के बीच झड़पें हुईं। बार्सिलोना के सार्वजनिक चौराहों पर इकट्ठा हुए हड़ताली कर्मचारियों ने आतिशबाजी भी की। हड़ताल का आह्वान करने वाले दो प्रमुख यूनियनों- UGT और CCOO ने हड़ताल को सफल बताया है। दोनों यूनियन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि स्ट्राइक में बड़े पैमाने पर लोग शामिल हुए और महत्वपूर्ण क्षेत्रों में कामकाज बंद है। यूनियन के मुताबिक, ऑटोमोटिव और बंदरगाह क्षेत्रों में 90%, मांस उद्योग में 85% और ऊर्जा क्षेत्र में 75% काम प्रभावित हुआ है।

क्यों भड़का गुस्सा?

स्पेन में बीते कुछ वर्षों में घरों की कमी बड़ा मुद्दा बनकर उभरी है। देश में पिछले एक दशक में मकानों का औसत किराया दोगुना हो गया है। इससे परिवारों के बजट पर भारी बोझ पड़ रहा है। पिछले महीने मैड्रिड में 87 वर्षीय एक महिला को उसके घर से निकाले जाने की घटना के वायरल होने ने इस गुस्से में आग में घी जैसा काम किया है।

क्या हैं प्रदर्शनकारियों की मांगें?

आवास अधिकारों के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं ने आम हड़ताल का आह्वान किया है। स्पेन के दो प्रमुख श्रमिक संगठनों यूजीटी और सीसीओओ ने भी इस हड़ताल को समर्थन दिया है। हड़ताल कर रहे कर्मचारियों ने ‘वेतन, आवास, कीमतें’ का नारा दिया है। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगें ये हैं-

पर्यटकों को अपार्टमेंट किराये पर दिए जाने की व्यवस्था खत्म की जाए।
किरायेदारों की सुरक्षा के लिए किरायानामे का रीनिवल सुनिश्चित किया जाए।
UGT और CCOO ने आवास बाजार में सरकार से ज्यादा हस्तक्षेप की मांग की है।
कारोबारी संगठनों के साथ बातचीत के जरिए न्यूनतम वेतन पर नया समझौता किया जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here