नई दिल्ली: आजकल बोतलबंद पानी को लेकर काफी चर्चा हो रही है। बिसलेरी के पानी के एक सैंपल को लेकर FSSAI की कार्रवाई की खबर आई है। FSSAI ने कंपनी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के एक सैंपल को जांच में असुरक्षित पाया है। इस पर बिसलेरी का भी पक्ष सामने आया है। कंपनी का कहना है कि मामला करीब 14 महीने पुराना है। ये सितंबर 2025 में गोवा वाले प्लांट में तैयार किए गए एक बैच से जुड़ा है। इस खबर के बाद लोगों के मन में एक सवाल आया है। क्या हर बोतलबंद पानी मिनरल वाटर होता है? नहीं। भारत में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर और नेचुरल मिनरल वाटर दो अलग कैटेगरी हैं। दोनों के लिए अलग-अलग मानक तय किए गए हैं। BIS यानी भारतीय मानक ब्यूरो, इनके मानक तय करता है। पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के लिए IS 14543 मानक है। नेचुरल मिनरल वाटर के लिए IS 13428 मानक है।
पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर क्या होता है?
जिस पानी को हम आमतौर पर बोतलबंद पानी कहते हैं, वो अक्सर पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर ही होता है। BIS के मुताबिक, ये ऐसा पानी है जो नेचुरल मिनरल वाटर नहीं है। इसे इंसानों के पीने के लिए पैक करके बेचा जाता है। इसका स्रोत सिर्फ प्राकृतिक या भूमिगत पानी तक सीमित नहीं है। इस पानी को पीने योग्य बनाने के लिए कई तरह की प्रक्रियाएं की जाती हैं। इसमें फिल्ट्रेशन, डिसइंफेक्शन और दूसरे ट्रीटमेंट शामिल हो सकते हैं। आसान भाषा में समझें तो इस पानी को ट्रीट करके पीने लायक बनाया जाता है। फिर उसे बोतल में पैक किया जाता है।
नेचुरल मिनरल वाटर की कहानी अलग है। इसे सीधे प्राकृतिक या ड्रिल किए गए भूमिगत जलस्रोतों से लिया जाता है। इसकी खास पहचान इसमें मौजूद प्राकृतिक मिनरल्स से होती है। इसमें मिनरल्स का एक खास अनुपात और ट्रेस एलिमेंट्स होते हैं। इसकी संरचना अपेक्षाकृत स्थिर होनी चाहिए। इसे स्रोत के करीब विशेष स्वच्छ परिस्थितियों में पैक किया जाता है। इस पानी पर सिर्फ वही ट्रीटमेंट किए जा सकते हैं जो मानक में बताए गए हैं। मतलब ये सिर्फ कोई भी फिल्टर किया हुआ पानी नहीं है। इसके स्रोत और मिनरल की खास शर्तें होती हैं।
दोनों में सबसे बड़ा फर्क क्या है?
पानी का स्रोत- पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर अलग-अलग स्रोतों से लिया जा सकता है। फिर उसे प्रोसेस करके पीने योग्य बनाया जाता है। वहीं नेचुरल मिनरल वाटर सीधे प्राकृतिक या भूमिगत स्रोत से ही आना चाहिए। मिनरल की पहचान- पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की पहचान किसी खास मिनरल से नहीं होती। नेचुरल मिनरल वाटर की पहचान ही उसके खास मिनरल साल्ट्स और उनके अनुपात से होती है। ट्रीटमेंट- पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर को फिल्ट्रेशन और डिसइंफेक्शन से ट्रीट किया जा सकता है। नेचुरल मिनरल वाटर में ट्रीटमेंट बहुत कम दायरे में होता है। ताकि पानी की प्राकृतिक मिनरल संरचना बनी रहे। पैकिंग- नेचुरल मिनरल वाटर को स्रोत के पास ही हाइजीनिक तरीके से पैक किया जाता है। इसके स्रोत को प्रदूषण से बचाने के लिए भी खास सावधानी रखी जाती है और हर बोतलबंद पानी को मिनरल वाटर कहना गलत है अगर वो असल में नेचुरल मिनरल वाटर नहीं है। बोलचाल में लोग हर बोतल को मिनरल वाटर कह देते हैं। लेकिन नियमों के हिसाब से दोनों अलग हैं। इसलिए बोतल खरीदते समय लेबल जरूर देखें। देखें कि उस पर ‘Packaged Drinking Water’ लिखा है या ‘Natural Mineral Water’।
क्या मिनरल वाटर ज्यादा सुरक्षित होता है?
सिर्फ मिनरल वाटर नाम होने से ये नहीं कहा जा सकता कि वो ज्यादा सुरक्षित है। दोनों कैटेगरी के लिए क्वालिटी और सुरक्षा के मानक बने हैं। असली बात ये है कि पानी उन मानकों का पालन करता है या नहीं।











