लुधियाना में पूर्व सरपंच की दिनदहाड़े हत्या, जमीन से घर लौटते वक्त बाइक सवार हमलावरों ने कार को बनाया निशाना

0
6

लुधियाना: पंजाब के लुधियाना में शनिवार देर शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। गांव मनेवाल के पूर्व सरपंच नवतेज सिंह उर्फ नीटू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह अपनी इनोवा कार से जमीन से जुड़े काम के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान लाडोवाल बाईपास की ओर साउथ सिटी रोड पुल के पास बाइक सवार हमलावरों ने उनकी कार को घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जानकारी के मुताबिक, नवतेज सिंह करीब 60 साल के थे और घुमार मंडी के कृष्णा नगर में रहते थे। शनिवार शाम वह अपनी इनोवा से घर की तरफ जा रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी साउथ सिटी रोड पुल के नजदीक पहुंची, दो बाइक सवार बदमाशों ने रास्ता रोक लिया।

इसके बाद उन्होंने कार पर कई गोलियां दाग दीं। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 10 राउंड फायर किए। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में हड़कंप मच गया। हमले के बाद दोनों आरोपी बाइक से वहां से फरार हो गए।

पुलिस ने शुरू की जांच

फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। नवतेज सिंह की हत्या के पीछे की वजह फिलहाल साफ नहीं हो पाई है। पुलिस जमीन से जुड़े किसी विवाद समेत दूसरे संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।

जांच में नवतेज सिंह के पुराने विवादों और उनके संपर्क में रहे लोगों से जुड़ी जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या से पहले उनकी किसी से बातचीत या विवाद तो नहीं हुआ था।

CCTV फुटेज से हमलावरों की तलाश

पुलिस के लिए घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरे अहम कड़ी साबित हो सकते हैं। फुटेज के जरिए हमलावरों की पहचान और उनकी बाइक का रूट पता करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस यह भी देख रही है कि आरोपी किस दिशा से आए और वारदात के बाद किस रास्ते से भागे। थाना लाडोवाल के एसएचओ सुखविंदर सिंह के मुताबिक, मामले की जांच जारी है और CCTV फुटेज खंगाली जा रही है। हत्या की असली वजह और आरोपियों की पहचान जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here