ब्रिटेन की राजनीति में बड़ा उलटफेर, सोमवार को इस्तीफे का ऐलान कर सकते हैं कीर स्टारमर

0
16

नई दिल्ली: ब्रिटेन की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है. लेबर पार्टी में बढ़ते आंतरिक विवाद और भारी दबाव के कारण प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के इस्तीफे की संभावना बहुत अधिक हो गई है. ‘द ऑब्जर्वर’ की एक विशेष रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री स्टार्मर ने माना है कि अब वे इस पद पर नहीं रह सकते. वे सोमवार की शुरुआत में ही अपने राजनीतिक भविष्य और पद छोड़ने की समयसीमा के बारे में एक बड़ा आधिकारिक बयान दे सकते हैं.

संकट के मुख्य वजह

प्रधानमंत्री स्टार्मर ने यह फैसला बहुत दबाव और मजबूरी में लिया है. उन्होंने हाल ही में अपने मंत्रियों, सलाहकारों, पार्टी के बड़े दानदाताओं और शक्तिशाली ट्रेड यूनियन नेताओं से बातचीत की थी. इस बातचीत के बाद यह स्पष्ट हो गया कि पार्टी में उनके नेतृत्व को लेकर स्थिरता समाप्त हो गई है.

राजनीतिक संकट के बारे में अंतिम निर्णय

स्टार्मर अपने ग्रामीण आवास ‘चेकर्स’ में अपनी पत्नी के साथ इस राजनीतिक संकट और अपने अगले कदम के बारे में अंतिम निर्णय ले रहे हैं. कीर स्टार्मर की स्थिति खराब होने के पीछे लेबर पार्टी के नेता एंडी बर्नहैम का हाथ माना जा रहा है. बर्नहैम ने हाल ही में हुए चुनाव में नाइजेल फराज की पार्टी को हराया है.

कैबिनेट का समर्थन

ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि स्टार्मर कैबिनेट के 15 से अधिक मंत्रियों का मानना है कि अब एंडी बर्नहैम का देश का अगला प्रधानमंत्री बनना पूरी तरह तय है. साल 2017 से ग्रेटर मैनचेस्टर के मेयर रहे बर्नहैम सोमवार को संसद में अपनी सीट संभालेंगे. हालांकि, वे तुरंत कोई सीधा हमला करने के बजाय सप्ताहांत में स्टार्मर पर खुद ब खुद दबाव बढ़ने की रणनीति पर काम कर रहे हैं.

आर-पार की लड़ाई के मूड में थे स्टार्मर

डाउनिंग स्ट्रीट ने अभी तक आधिकारिक तौर पर इस्तीफे की बात स्वीकार नहीं की है. सरकारी सूत्रों का कहना है कि प्रधानमंत्री अभी भी अपने कामकाज पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं. खुद स्टार्मर ने शुक्रवार को बेहद आक्रामक रुख अपनाते हुए कहा था कि मैं किसी भी चुनौती से लड़ने को तैयार हूं और मैदान छोड़कर भागने वाला नहीं हूं.

बचे हैं बेहद सीमित विकल्प

स्टार्मर के पूर्व राजनीतिक निदेशक ल्यूक सुलिवन ने टाइम्स रेडियो से कहा कि हालिया चुनावी नतीजों के पैमाने ने प्रधानमंत्री के बचने के सारे रास्ते बंद कर दिए हैं. लेबर पार्टी के अधिकांश नेताओं का मानना है कि स्टार्मर पद पर बने रहने की जितनी जिद करेंगे, पार्टी को भविष्य में उतना ही बड़ा नुकसान उठाना पड़ेगा.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here