नई दिल्ली: आज की तेज रफ्तार जिंदगी में तनाव, काम का दबाव और लगातार बढ़ती जिम्मेदारियों के बीच लोग मानसिक शांति की तलाश में हैं. ऐसे में योग रिट्रीट्स तेजी से पॉपुलर हो रहे हैं. ये सिर्फ छुट्टियां बिताने की जगह नहीं हैं, बल्कि ऐसे सेंटर हैं जहां लोग खुद से जुड़ने, मन को शांत करने और प्रकृति के करीब समय बिताने का मौका पाते हैं. भारत में कई ऐसी जगह है, जो योग सेंटर और वहां की शांति के लिए मशहूर है.
ऋषिकेश
भारत का ऋषिकेश इस दिशा में सबसे पसंदीदा जगहों में से एक है. गंगा के शांत किनारों पर बसे इस शहर में हर साल हजारों लोग योग और ध्यान सीखने पहुंचते हैं. यहां का आध्यात्मिक माहौल और प्राकृतिक सुंदरता लोगों को मन की शांति के साथ खास अनुभव देती है.

मैसूरु
इसके अलावा, दक्षिण भारत का मैसूरु अष्टांग योग की परंपरा के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है. यहां आने वाले कई लोग योग को गंभीरता से सीखने और अपने अभ्यास को बेहतर बनाने के लिए महीनों तक यहां रुकते हैं.
विदेशों में कौन सी जगह मशहूर
अगर बात विदेशों की करें तो कोस्टा रिका भी योग से जुड़े लोगों के बीच काफी पॉपुलर है. समुद्र तटों, हरे-भरे जंगलों और शांत वातावरण के बीच यहां आयोजित योग रिट्रीट्स लोगों को तनाव से दूर ले जाते हैं. इस जगह पर कई पर्यटक योग के साथ सर्फिंग और ट्रैकिंग जैसी गतिविधियों का भी आनंद लेते हैं.
वहीं थाईलैंड का खूबसूरत द्वीप कोह समुई भी वेलनेस टूरिज्म का बड़ा सेंटर बन चुका है. यहां समुद्र किनारे सुबह के समय योग करना और सूर्योदय का नजारा देखना एक यादगार अनुभव माना जाता है.

अमेरिका और इंडोनेशिया
इसके साथ ही अमेरिका का सेडोना अपनी लाल चट्टानों और आध्यात्मिक वातावरण के कारण जाना जाता है. यहां योग और ध्यान के जरिए आत्मिक शांति और आत्म-खोज पर विशेष जोर दिया जाता है. इसके अलावा इंडोनेशिया के बाली द्वीप में स्थित उबुद भी योग प्रेमियों का पसंदीदा ठिकाना है. खास बात है कि यहां चारों ओर फैली हरियाली, धान के खेत और शांत वातावरण इसे एक आदर्श वेलनेस डेस्टिनेशन बनाते हैं. यही वजह है कि दुनियाभर में ऐसे स्थानों को लेकर लगातार पॉपुलैरिटी बढ़ती जा रही है.
















