पटना: बिहार के मुंगेर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रेम विवाह के महज एक महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. वहीं घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं, जबकि पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है. लेकिन क्या है पूरा मामला चलिए जानते है.
फूल कुमारी के रूप में हुई मृतका की पहचान
यह घटना शामपुर थाना क्षेत्र के गोबड्डा धपड़ी मोड़ इलाके की बताई जा रही है, जहां मृतका की पहचान फूल कुमारी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, फूल कुमारी और गांव के रहने वाले संजय कुमार दास के बीच पिछले करीब पांच वर्षों से प्रेम संबंध था. वहीं लंबे समय तक एक-दूसरे को जानने और समझने के बाद दोनों ने विवाह करने का फैसला किया था.
बताया जा रहा है कि दोनों ने 11 मई को एक मंदिर में शादी की थी. विवाह के बाद कुछ समय तक वे गांव से बाहर रहे और बाद में अपने घर वापस लौट आए. शुरुआती दौर में परिवार की ओर से कुछ नाराजगी जरूर थी, लेकिन धीरे-धीरे हालात सामान्य हो गए थे और दोनों अपना वैवाहिक जीवन शुरू कर चुके थे.
परिजनों ने क्या कहा?
परिजनों के अनुसार, शादी के बाद दोनों के बीच किसी बड़े विवाद की जानकारी सामने नहीं आई थी. इसके साथ ही घटना वाले दिन भी सब कुछ सामान्य बताया जा रहा था. इसी बीच अचानक ऐसी घटना हुई जिसने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।
पत्नि को अस्पताल में कराया गया भर्ती
मृतका के पति का कहना है कि वह कुछ समय के लिए घर से बाहर गया था और जब वह वापस लौटा तो उसने अपनी पत्नी को फांसी के फंदे पर लटका हुआ पाया। इसके बाद परिजनों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. इस दौरान पहले स्थानीय अस्पताल में इलाज कराया गया और बाद में बेहतर चिकित्सा के लिए दूसरे अस्पताल तथा पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया. वहीं उपचार के बाद उसे घर लाया गया, लेकिन कुछ समय बाद उसकी तबीयत फिर बिगड़ गई और आखिरकार उसकी मौत हो गई.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू की जांच की जा रही है. फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है. जांच पूरी होने के बाद ही इस रहस्यमयी घटना की असली वजह साफ हो सकेगी.
















