ईरान ने अमेरिकी ठिकानों पर हमले के लिए इस्तेमाल किया मस्क का स्टारलिंक? रिपोर्ट में बड़ा दावा

0
3

नई दिल्ली: ईरान ने अमेरिका और इजरायल के साथ युद्ध के शुरुआती दिनों में मिडिल ईस्ट में अमेरिकी सैन्य ठिकानों के खिलाफ अपनी कार्रवाई के लिए एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स की स्टारलिंक इंटरनेट सेवा का इस्तेमाल किया था। इस तकनीक के जरिए ईरानी सेना ने अपने सैन्य अभियानों और ड्रोन हमलों को संचालित करने में मदद ली। यह दावा अमेरिकी अखबार ‘द वॉशिंगटन पोस्ट’ की एक रिपोर्ट में किया गया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, मार्च की शुरुआत में जब अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर हमले किए, तब तेहरान ने क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई शुरू की थी। इसी दौरान ईरान की ओर से स्टारलिंक के इस्तेमाल की जानकारी सामने आई। बताया गया है कि गर्मियों में अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को सौंपी गई एक गोपनीय युद्ध रिपोर्ट में इसका जिक्र था। इसमें कहा गया कि ईरान ने कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम और अटैक ड्रोन ऑपरेशंस को संभालने के लिए इस सैटेलाइट इंटरनेट सेवा का सहारा लिया।

पेंटागन ने रिपोर्ट पर नहीं की पुष्टि

इस मामले पर पेंटागन की प्रवक्ता किंग्सले विल्सन ने कहा कि विभाग को ऐसी किसी रिपोर्ट की जानकारी नहीं है, जिसे अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने रक्षा मंत्री के कार्यालय को भेजा हो। उन्होंने इस सवाल पर भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया कि ईरान ने वास्तव में स्टारलिंक का इस्तेमाल किया था या नहीं।

कुवैत में हमले से जुड़े सवाल

रिपोर्ट में 1 मार्च को कुवैत के पोर्ट शुआइबा स्थित सैन्य ठिकाने पर हुए ईरानी ड्रोन हमले का भी जिक्र है। इस हमले में छह अमेरिकी सैनिकों की मौत हुई थी। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस कार्रवाई में स्टारलिंक की मदद ली गई थी या नहीं। पेंटागन ने भी अपनी जांच के नतीजे सार्वजनिक नहीं किए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, एलन मस्क इस बात से नाराज थे कि अमेरिकी सेना ड्रोन ऑपरेशंस के लिए स्पेसएक्स की सैन्य सैटेलाइट सेवा स्टारशील्ड का इस्तेमाल कर रही थी, जबकि उसका सब्सक्रिप्शन जमीनी इस्तेमाल के लिए लिया गया था।

ट्रंप प्रशासन के अधिकारी सुरक्षित ठिकानों पर शिफ्ट

इस बीच, अमेरिका में ट्रंप प्रशासन के करीब छह कैबिनेट सदस्यों के वॉशिंगटन डीसी स्थित सुरक्षित सैन्य आवासों में जाने की खबर है। बताया जा रहा है कि घरेलू राजनीतिक हिंसा और विदेशी दुश्मनों, खासकर ईरान से मिल रही धमकियों को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, सरकार के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भी ऐसे सुरक्षित ठिकानों पर भेजा गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here