अमेरिका: लॉस एंजिल्स में भूकंप के तेज झटके, घरों से बाहर भागे लोग, कई आफ्टरशॉक्स भी आए

0
4

नई दिल्ली: दक्षिणी कैलिफोर्निया के तट पर शनिवार सुबह आए भूकंप ने लॉस एंजिल्स और आसपास के इलाकों में लोगों को दहशत में डाल दिया। 5.0 तीव्रता के झटके महसूस होते ही कई लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। इमारतें हिलने लगीं और गाड़ियों के अलार्म बज उठे। हालांकि, शुरुआती जानकारी के मुताबिक किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप स्थानीय समय के मुताबिक सुबह करीब 9:30 बजे आया। इसका केंद्र लॉस एंजिल्स के तटीय शहर मैनहट्टन बीच से लगभग 3.7 मील यानी करीब 6 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिण पश्चिम में समुद्र के भीतर था। भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 7.6 मील की गहराई पर दर्ज किया गया। समुद्र के भीतर केंद्र होने के बावजूद इसके झटके आसपास के कई शहरों तक महसूस किए गए।

मुख्य झटके के बाद भी कांपती रही धरती

भूकंप के बाद क्षेत्र में कई आफ्टरशॉक्स भी महसूस किए गए। इनमें से एक झटके की तीव्रता 4.5 मापी गई। लगातार आते झटकों के कारण लोग कुछ समय तक इमारतों में लौटने से बचते रहे। एक वीडियो में महिला अपने बच्चे को गोद में लेकर घबराई हुई दिखाई दे रही है।

एयरपोर्ट के टर्मिनल में गिरीं छत की टाइलें

भूकंप का असर लॉस एंजिल्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी दिखा। तेज झटकों के कारण एक टर्मिनल की छत से कई टाइलें नीचे गिर गईं और कुछ जगहों पर कांच टूट गए। हालांकि, निरीक्षण के बाद हवाई अड्डे पर विमानों का संचालन सामान्य रूप से जारी रहा। सांता मोनिका में भी इमारतें झटकों से हिलने लगीं। पार्किंग में खड़ी कारों के अलार्म बजने लगे, जिसके बाद लोग घबराकर दुकानों से बाहर आ गए। भूकंप का असर केंद्र से करीब 27 मील दूर पासाडेना तक महसूस किया गया। कई इलाकों में लोग झटके महसूस होने के बाद घरों से बाहर निकल आए।

लॉस एंजिल्स फायर डिपार्टमेंट ने बताया कि शहर के बुनियादी ढांचे को कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। अधिकारियों के अनुसार, अब तक किसी के घायल होने की सूचना भी नहीं मिली है। भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी जारी नहीं की गई। प्रशासन स्थिति पर नजर रख रहा है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here