नई दिल्ली: गाजा में सर्दियों की शुरुआत वहां के लोगों के लिए नई परेशानी बन सकती है। ऐसे में भारत समेत संयुक्त राष्ट्र (UN) के 51 देशों ने इजरायल की नई सरकार से राहत सामग्री पहुंचाने में रुकावट नहीं डालने की अपील की है। देशों ने कहा कि गाजा के लोगों को भोजन, पानी, ईंधन, दवाइयां और रहने का जरूरी सामान लगातार मिलना चाहिए। भारत ने जॉर्डन, कतर और ब्रिटेन की अगुवाई वाली इस पहल का समर्थन किया है। गुरुवार को हुई मीडिया ब्रीफिंग में संयुक्त राष्ट्र में भारत की उप स्थायी प्रतिनिधि और राजदूत योजना पटेल शामिल हुईं। इस दौरान 51 देशों ने ‘गाजा में राहत और स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की अपील’ का समर्थन किया।
भारत के संयुक्त राष्ट्र मिशन ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच X पर कहा कि सर्दियों में गाजा के लोगों तक सुरक्षित और लगातार मानवीय मदद पहुंचना जरूरी है। भारत ने आम नागरिकों की सुरक्षा, अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून के पालन और क्षेत्र में स्थायी शांति के प्रयास दोबारा शुरू करने पर भी जोर दिया।
इजरायल की नई सरकार से क्या मांग की गई?
ब्रिटेन की संयुक्त राष्ट्र में स्थायी प्रतिनिधि सारा मैकइंटॉश ने सभी देशों की ओर से साझा बयान दिया। इसमें चुनाव के बाद बनने वाली इजरायल की नई सरकार से गाजा में राहत सामग्री तेजी से पहुंचाने को कहा गया। देशों ने मिस्र और जॉर्डन के रास्तों से मानवीय मदद भेजने की अनुमति देने की अपील भी की। बयान में रहने के लिए जरूरी सामान, ईंधन, पानी, साफ-सफाई की सामग्री और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी चीजों की आपूर्ति बढ़ाने की मांग की गई। इसका उद्देश्य गाजा में मानवीय संकट को और गंभीर होने से रोकना है।
गंभीर मरीजों को दूसरे अस्पतालों में इलाज मिले
साझा बयान में उन मरीजों का मुद्दा भी उठाया गया, जिनका इलाज गाजा में संभव नहीं है। देशों ने ऐसे लोगों को पूर्वी यरुशलम और वेस्ट बैंक के अस्पतालों तक पहुंचाने की चिकित्सा व्यवस्था फिर शुरू करने की मांग की। भारत समेत इन देशों ने अस्पतालों, स्वास्थ्यकर्मियों और मेडिकल वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही स्वास्थ्यकर्मियों और राहतकर्मियों पर हुए हमलों की पारदर्शी आपराधिक जांच जल्द पूरी करने की मांग की गई। इन देशों ने सर्दियों के दौरान गाजा में राहत कार्यों में सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई है। साथ ही क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता के लिए नए सिरे से प्रयास करने की जरूरत बताई।







