शेख हसीना की वापसी पर 16 दिसंबर पर टिकीं नजरें, बंगाल के रास्ते बांग्लादेश जाने की चर्चा तेज

0
2

नई दिल्ली: हसीना ने दो दिन पहले बताया कि वो 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटेंगी। इसके बाद अब आने वाले कुछ दिनों में ही यह तय हो जाएगा कि हसीना 2 साल से भी ज्यादा समय बाद भारत से ढाका जा पाएंगी या नहीं। इससे पहले उनकी वापसी को लेकर कई तरह की अटकलें भी लग रही हैं। एक चर्चा यह भी है कि वो बॉर्डर पार कर बांग्लादेश जाएंगी।

बांग्लादेश की सरकार ने साफ कहा है कि हसीना के लौटते ही उन्हें हथकड़ी लगा दी जाएगी। वहीं भारत इस मसले पर फिलहाल फूंक-फूंक कर कदम रख रहा है। गौरतलब है कि जुलाई 2024 में बांग्लादेश में हुए हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बाद शेख हसीना को पद और देश दोनों छोड़ना पड़ा था। इसके बाद से उन्होंने भारत में शरण ली है। इस दौरान उन्हें बांग्लादेश में मौत की सजा सुना दी गई। उन पर छात्र आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर हिंसक कार्रवाई के आदेश देने के आरोप हैं और इस सिलसिले में उन्हें मानवता के खिलाफ अपराध के आरोप में दोषी ठहराया गया है। बांग्लादेश ने कहा है कि किसी भी हाल में उन्हें सजा भुगतनी ही होगी। इसके बावजूद हसीना ने लौटने की जिद ठानी है।

फ्लाइट से लौटना चाहती हैं हसीना

हसीना ने अपनी वापसी के लिए बांग्लादेश से बिमान बांग्लादेश की एक फ्लाइट अरेंज करने को कहा है। इससे एक बात तय हो गई है कि हसीना पासपोर्ट लेकर एक नेता की तरह ही स्वदेश लौटना चाहती हैं। हालांकि बांग्लादेश की सरकार उन्हें एक अपराधी के रूप में हथकड़ियां लगाकर प्रत्यर्पण के जरिए ही लाना चाहती है। एक बयान में रहमान की सरकार ने कहा है कि हसीना को हथकड़ियों में ही वापस लाया जाएगा और उनके साथ वैसा ही बर्ताव किया जाएगा, जैसा विदेश में रह रहे किसी दोषी भगोड़े के साथ किया जाता है।

बांग्लादेश की विदेश राज्य मंत्री शमा ओबैद इस्लाम ने कहा कि सरकार हसीना के साथ विदेश में रह रहे किसी भी अन्य दोषी भगोड़े पर लागू होने वाले कानूनों के अनुसार ही व्यवहार करेगी। उन्होंने कहा कि हसीना बांग्लादेशी क्षेत्र में जहां भी प्रवेश करेंगी, उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

वहीं बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के सूचना और प्रसारण मंत्री जाहिद उर रहमान ने कहा कि शेख हसीना आएंगी या नहीं, इस पर उनसे बातचीत नहीं की जाएगी। इस बारे में बातचीत भारत के साथ होगी। जमात की चुनावी सहयोगी नेशनल सिटिजंस पार्टी ने तो यह तक कहा है कि हसीना के देश लौटने पर उनके लिए फांसी का तख्ता तैयार किया जाएगा।

प्रत्यर्पण पर क्या है भारत का रुख?

प्रत्यर्पण को लेकर भारत कई बार कह चुका है कि वह तय कानूनों के विश्लेषण के बाद ही निर्णय लेगा। भारत और बांग्लादेश ने 2013 में एक प्रत्यर्पण संधि पर हस्ताक्षर किए थे। हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि भारत को हसीना को सौंपना ही होगा। संधि के मुताबिक अगर अपराध राजनीतिक हैं, तो कोई देश प्रत्यर्पण से इनकार कर सकता है।

बॉर्डर के रास्ते जाएंगी हसीना?

हसीना के पास एक अन्य विकल्प भी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अगर वे अपने दम पर वतन लौटना चाहती हैं, तो पश्चिम बंगाल सीमा पर बेनापोल-पेट्रापोल जैसे बॉर्डर क्रॉसिंग का रास्ता चुन सकती हैं। हालांकि ऐसे किसी भी कदम से सीमा पर भीषण तनाव भड़क सकता है। ऐसे में बांग्लादेश और भारत दोनों ही इस स्थिति को टालना चाहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here