दिल्ली से कथा में चोरी करने मुज़फ़्फ़रनगर पहुंचा महिलाओं का गैंग: तीन महिलाओं के गले से उड़ाए थे चेन-पेंडेंट

0
13

मुज़फ़्फ़रनगर: मुज़फ़्फ़रनगर में धार्मिक आयोजनों में महिलाओं के आभूषण चोरी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दिल्ली की पांच महिलाएं चार-पांच दिन पहले मुज़फ़्फ़रनगर पहुंची थीं। पुलिस के मुताबिक, पांचों ने रेशू प्रांगण में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के दौरान भोजन वितरण के समय भीड़ का फायदा उठाकर तीन महिला श्रद्धालुओं के गले से सोने की चेन और पेंडेंट चोरी कर लिए। पकड़े जाने के डर से चोरी के आभूषण कथा स्थल के गेट के पास फूलों की सजावट में छिपा दिए। बुधवार को पांचों महिलाएं आभूषण लेने और दूसरी वारदात करने के इरादे से दोबारा कथा परिसर पहुंचीं, जहां पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

13 नवंबर को कथा के दौरान तीन महिलाओं के आभूषण हुए थे चोरी

दरअसल… मामला 13 नवंबर का है। रेशू प्रांगण में आयोजित भागवत कथा के दौरान गाजियाबाद, अलीगढ़ और मुज़फ़्फ़रनगर की तीन महिलाओं के आभूषण गायब हो गए थे। घटना के बाद आयोजन स्थल पर हड़कंप मच गया था। शिकायतकर्ता सत्यप्रकाश रेशु की तहरीर पर 17 नवंबर को सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सटीक सूचना के आधार पर जांच शुरू की।

दिल्ली की जे.जे. कॉलोनी की पांच महिलाएं गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 8:15 बजे पुलिस ने कथा परिसर से पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान पंजवरना, सेरा, मुन्नी, करुणा और रोशनी के रूप में हुई है। सभी दिल्ली के इंद्रपुरी स्थित जे.जे. कॉलोनी की रहने वाली हैं।

कथा आयोजनों में आभूषण चोरी करने की बात कबूली

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि वे एक ही कॉलोनी में रहती हैं और जहां भी कथा जैसे आयोजन होते हैं, वहां पहुंचकर महिलाओं के आभूषण चोरी करती हैं। मुज़फ़्फ़रनगर में भी उन्होंने भोजन वितरण के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर तीन महिलाओं की चेन चोरी की थी। बाद में पकड़े जाने की आशंका में आभूषण गेट के पास लगी रेडीमेड फूलों की सजावट में छिपा दिए थे।

दो सोने की चेन और एक आर्टिफिशियल चेन बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दो सोने की चेन, जिनमें डायमंड पेंडेंट लगे थे और एक आर्टिफिशियल पीली धातु की चेन बरामद की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी इससे पहले किन शहरों और धार्मिक आयोजनों में इस तरह की वारदात कर चुकी हैं। उनके आगे और पीछे के संपर्कों की भी जांच की जा रही है।

Reported By: Rohit 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here