नई दिल्ली: क्रिकेट के मैदान पर चौकों-छक्कों का रोमांच चल रहा था, तो दूसरी तरफ दिल्ली के सुभाष नगर में इसी मुकाबले पर सट्टे का अवैध खेल सजाया गया था। घर की पहली मंजिल को सट्टेबाजी का अड्डा बनाकर लोगों से दांव लगवाए जा रहे थे। लेकिन पुलिस की सतर्क नजरों से यह खेल छिप नहीं सका। पश्चिमी जिला पुलिस ने छापेमारी कर कथित क्रिकेट सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना ने खोला सट्टेबाजी का राज
पश्चिमी जिला डीसीपी हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि 21 नवंबर को सुभाष नगर पुलिस चौकी की टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान 10 ब्लॉक स्थित पेट्रोल पंप के पास हेड कांस्टेबल राहुल को सूचना मिली कि सुभाष नगर के एक मकान की पहली मंजिल से अवैध क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना देरी किए छापेमारी की योजना तैयार की।
ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड मैच पर लग रहे थे दांव
एसआई अनुज मोर के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल राहुल और हेड कांस्टेबल मंदीप की टीम ने संदिग्ध ठिकाने पर दबिश दी। मौके पर सुखविंदर सिंह निवासी सुभाष नगर और सुनील सचदेवा निवासी पहाड़गंज कथित तौर पर ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड क्रिकेट मुकाबले पर सट्टा लेते मिले। पुलिस के मुताबिक, दोनों सट्टेबाजों से संपर्क कर भाव बता रहे थे और लैपटॉप पर सट्टे का हिसाब दर्ज कर रहे थे। इसके लिए बेटिंग असिस्टेंट आई-बुक एप्लीकेशन का इस्तेमाल किया जा रहा था।
डिजिटल सबूतों का जखीरा बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आठ मोबाइल फोन, सट्टेबाजी से संबंधित डेटा वाला एक एचपी लैपटॉप और एक नकदी गिनने वाली मशीन बरामद की। बरामद सामान को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई की गई।
जुआ अधिनियम में मुकदमा दर्ज
इस मामले में थाना राजौरी गार्डन में एफआईआर नंबर 629/2026 के तहत दिल्ली सार्वजनिक जुआ अधिनियम, 1955 की धारा 3/4/5/9 में मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस टीम की सतर्कता से खुलासा
यह कार्रवाई एसआई अनुज मोर, चौकी प्रभारी सुभाष नगर के नेतृत्व में हुई। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रविंदर जोशी के निर्देशन, एसीपी राजौरी गार्डन की निगरानी और पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी. स्वामी के समग्र पर्यवेक्षण में टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।
Reported By: Pankaj Rai












