सिंधु जल संधि पर भारत से बातचीत की बेचैनी, पाकिस्तान ने अब रूस से मांगी मदद

0
2

नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर आई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि मॉस्को में पाकिस्तानी राजदूत फैसल नियाज तिरमिजी ने कहा है कि उनका देश सिंधु जल संधि को लेकर भारत से बातचीत में रूस से मदद चाहता है। हालांकि, पाकिस्तान या रूस ने इसकी औपचारिक पुष्टि नहीं की है। पाकिस्तान सिंधु जल संधि के निलंबन के बाद भारत पर दबाव बनाने की हर संभव कोशिश कर रहा है। पहले उसने हर अंतरराष्ट्रीय मंच पर सिंधु जल संधि का मुद्दा उठाकर भारत को घेरने की कोशिश की। लेकिन, हर तरफ से मिली नाकामी के बाद पाकिस्तान अब भारत के दोस्त रूस की ओर देख रहा है।

सितंबर में रूस ने भारत और पाकिस्तान के बीच जारी सिंधु जल संधि विवाद पर आखिरी बार सार्वजनिक टिप्पणी की थी। तब रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने कहा था कि सिंधु जल संधि को लेकर पाकिस्तान और भारत के बीच विवाद को आपसी सम्मान के साथ बातचीत से सुलझाया जाना चाहिए।जखारोवा ने कहा था कि रूस अनसुलझे पानी के मुद्दे के साथ-साथ पाकिस्तान और भारत के बीच तनाव के दूसरे पहलुओं को लेकर भी चिंतित है, ये दोनों देश रूस के साथ दोस्ताना रिश्ते बनाए हुए हैं।

क्या है सिंधु जल संधि?

सिंधु जल संधि भारत और पाकिस्तान के बीच 19 सितंबर 1960 को विश्व बैंक की मध्यस्थता में हुआ एक जल बंटवारा समझौता है। इस संधि के तहत सिंधु नदी प्रणाली की पूर्वी नदियां रावी, ब्यास, सतलुज के पानी का अधिकार भारत को दिया गया।  सिंधु नदी प्रणाली की पश्चिमी नदियां सिंधु, चेनाब, झेलम के पानी का अधिकांश हिस्सा पाकिस्तान को दिया गया। सिंधु जल संधि में शामिल सभी नदियों के कुल पानी का 80 प्रतिशत हिस्सा पाकिस्तान और 20 प्रतिशत हिस्सा भारत को दिया गया।

भारत का ताजा रुख क्या है?

भारत ने 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम आतंकी हमले में पाकिस्तान की भूमिका को देखते हुए सिंधु जल संधि को निलंबित कर दिया था। भारत ने दो-टूक कहा है कि यह निलंबन तब तक लागू रहेगा, जब तक पाकिस्तान सीमा पार आतंकवाद को पूरी तरह और स्थायी रूप से समर्थन देना बंद नहीं कर देता। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भी दोहराया है कि सिंधु जल संधि पर भारत के रुख में बिल्कुल कोई बदलाव नहीं आया है। हालांकि, पाकिस्तान के हुक्मरान सिंधु जल संधि पर भारत से बातचीत की गुजारिश के साथ बांधों पर मिसाइल हमले की धमकियां भी दे रहे हैं।

पाकिस्तानी मंत्री ने क्या कहा?

हाल में ही नई दिल्ली में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में हिस्सा लेने भारत आए पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने सिंधु जल संधि को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि अगर भारत सिंधु जल संधि पर द्विपक्षीय बातचीत के लिए औपचारिक निमंत्रण देता है तो पाकिस्तान इस पर चर्चा करने के लिए तैयार है। मुसादिक मलिक ने ही सिंधु जल संधि के तहत पाकिस्तान को मिलने वाले पानी को रोकने पर भारत के हाथ काटने की धमकी दी थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here