धीमे जहर का खूनी खेल, करोड़ों की संपत्ति पर नजर; पति की करोड़ों की ट्रैवल एजेंसी और बीमा पर थी पत्नी की नजर

0
2

गाजियाबाद: रिश्तों की आड़ में मौत का ऐसा कथित खेल, जिसने भरोसे और विश्वास को भी कटघरे में खड़ा कर दिया। जिस पत्नी के हाथों में परिवार की खुशहाली की जिम्मेदारी थी, उसी पर पति और परिवार के दूसरे सदस्यों को धीमा जहर देने का सनसनीखेज आरोप लगा है। पुलिस के मुताबिक, इस खौफनाक साजिश के पीछे करोड़ों रुपये की संपत्ति और बीमा राशि हासिल करने का लालच था। मामले में इंदिरापुरम थाना पुलिस ने आरोपी पत्नी रेनू भटनागर को गिरफ्तार कर लिया है।

तीन परिजनों को सीसा युक्त जहर देने का आरोप

पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर 2026 को इंदिरापुरम निवासी सुशील भटनागर ने अपनी पत्नी रेनू भटनागर और उसके परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उन्हें, उनके बेटे वंश भटनागर और भांजे देव भटनागर को जान से मारने की नीयत से सीसा युक्त जहरीला पदार्थ दिया गया। आरोप था कि यह सब सुनियोजित तरीके से किया जा रहा था, ताकि परिवार के सदस्यों की जिंदगी खतरे में पड़ जाए।

ट्रैवल एजेंसी और बीमा की रकम पर थी नजर

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की। जांच और कार्रवाई के दौरान 23 नवंबर 2026 को पुलिस टीम ने आरोपी रेनू भटनागर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसके पति की करीब पांच से छह करोड़ रुपये की ट्रैवल एजेंसी है। इसके अलावा उनके नाम पर लगभग दो करोड़ रुपये की बीमा पॉलिसी भी है, जिसमें रेनू स्वयं नामित व्यक्ति है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को उम्मीद थी कि पति की मौत के बाद करोड़ों की संपत्ति और बीमा की रकम उसके कब्जे में आ जाएगी। इसी लालच में पति और परिवार के अन्य सदस्यों को कथित तौर पर धीमा जहर देने की साजिश रची गई।

अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच जारी

पुलिस अब मामले में अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका, कथित साजिश में उनकी संलिप्तता और आपराधिक इतिहास की पड़ताल कर रही है। साथ ही जहरीले पदार्थ के इस्तेमाल और पूरे घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्यों की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

इंदिरापुरम थाना पुलिस ने की गिरफ्तारी

इंदिरापुरम थाना पुलिस टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी रेनू भटनागर को गिरफ्तार किया।

 

Reported By: Pankaj Rai 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here