नई दिल्ली: पाकिस्तान अगले साल की शुरुआत में होने वाली एससीओ संस्कृति मंत्रियों की बैठक के लिए भारत को न्योता भेजने की तैयारी कर रहा है। ऐसे में सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि भारत इस निमंत्रण को स्वीकार करता है या नहीं। पहलगाम आतंकी हमले के बाद से किसी भी भारतीय मंत्री ने पाकिस्तान का दौरा नहीं किया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, एससीओ की मौजूदा अध्यक्षता कर रहा पाकिस्तान अगले साल अगस्त के आखिर में सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों के शिखर सम्मेलन की मेजबानी भी करेगा। इस बैठक में आमतौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं। पहले पाकिस्तान इस सम्मेलन को 14 अगस्त यानी अपने स्वतंत्रता दिवस पर कराने पर विचार कर रहा था, लेकिन इस तारीख पर भारत की भागीदारी की संभावना बेहद कम थी।
पहलगाम हमले के बाद मंत्री स्तरीय दौरे बंद
अप्रैल 2025 में पहलगाम हमले के बाद भारत की ओर से पाकिस्तान का एकमात्र अहम दौरा सितंबर में हुआ था। तब विदेश मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव आलोक डिमरी एससीओ राष्ट्रीय समन्वयकों की बैठक में शामिल होने इस्लामाबाद पहुंचे थे। यह दौरा पाकिस्तान के एससीओ अध्यक्ष बनने के बाद कार्यक्रमों का कैलेंडर तय करने के लिए था। संस्कृति मंत्रियों की बैठक के अलावा पाकिस्तान अगस्त के शिखर सम्मेलन से पहले रक्षा और विदेश मंत्रियों की बैठकें भी आयोजित करेगा। संस्कृति से जुड़ा कार्यक्रम भारत के लिए कम जोखिम वाला माना जा रहा है, क्योंकि इसमें राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा सीमित रहती है। वहीं, रक्षा और विदेश मंत्रियों की बैठकों में शामिल होना ज्यादा संवेदनशील हो सकता है। अक्टूबर 2024 में विदेश मंत्री एस. जयशंकर एससीओ विदेश मंत्रियों की बैठक के लिए पाकिस्तान जाने वाले आखिरी भारतीय मंत्री थे।
पाकिस्तानी मंत्री के भारत दौरे पर भी हुआ था विवाद
पिछले सप्ताह एससीओ सभ्यतागत संवाद के लिए पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक के भारत आने पर विपक्ष ने सरकार की आलोचना की थी। इसके जवाब में भारत ने साफ किया कि पहलगाम हमले के बाद स्थगित की गई सिंधु जल संधि पर उसके रुख में कोई बदलाव नहीं आया है। सरकार ने यह भी कहा कि एससीओ के तहत सहयोग को भारत-पाकिस्तान संबंधों में सुधार के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए।
वहीं, भारतीय अधिकारियों के अनुसार, मौजूदा हालात में मोदी के पाकिस्तान जाने की संभावना बहुत कम है। भारत चाहता है कि पाकिस्तान सीमा पार आतंकवाद को लेकर अपने रवैये में ठोस बदलाव करे। हालांकि, किसी वरिष्ठ मंत्री को भारत की ओर से भेजा जा सकता है। वर्ष 2024 में भी मोदी की जगह एस. जयशंकर ने कजाकिस्तान में एससीओ शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया था।












