पुलिस–पब्लिक की तरफ दौड़ी बेकाबू बैल-बग्गी, VIDEO: शव मिलने के बाद हंगामा शांत कराने पहुंची थी पुलिस

0
4

मुज़फ़्फ़रनगर: मुज़फ़्फ़रनगर के मीरापुर क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बैल अचानक बिदक गया और बैल-बग्गी लेकर भीड़ की तरफ दौड़ पड़ा। इसकी चपेट में पुलिसकर्मी और मौके पर मौजूद कई लोग आ गए। घटना का वीडियो मोबाइल कैमरे में कैद हो गया, जो मंगलवार रात करीब 11 बजे से सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

लापता युवक का शव मिलने के बाद परिजनों ने किया हंगामा

मामला भुम्मा नहर पुल के पास स्थित सिंचाई विभाग की खंडहर कोठी के बाहर का है। मंगलवार सुबह इसी कोठी में मेरठ जिले के बहसूमा थाना क्षेत्र के गांव रावती निवासी 30 वर्षीय अमित का शव पेड़ से लटका मिला था। अमित पिछले छह दिनों से लापता था। शव मिलने की सूचना पर पहुंचे परिजनों और अन्य लोगों ने मौके पर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस परिजनों को समझाकर शांत कराने का प्रयास कर रही थी।

अचानक बिदका बैल, भीड़ की ओर दौड़ी बैल-बग्गी

इसी दौरान एक किसान पशुओं का चारा लेकर अपनी बैल-बग्गी से वहां से गुजर रहा था। मौके पर जुटी भीड़ और हंगामे के बीच अचानक बैल बिदक गया। इसके बाद वह बैल-बग्गी लेकर तेजी से दौड़ पड़ा। वहां मौजूद पुलिसकर्मी और भीड़ में शामिल कई लोग उसकी चपेट में आ गए। अचानक हुई इस घटना से मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

मोबाइल कैमरे में कैद हुई घटना, वीडियो वायरल

पूरी घटना किसी व्यक्ति के मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। एक ओर अमित का शव मिलने के बाद परिजन पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे थे, वहीं दूसरी ओर बेकाबू बैल-बग्गी ने मौके पर नई अफरा-तफरी मचा दी। राहत की बात यह है कि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है।

Reported By: Rohit

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here