अस्पताल में बिल्ले का खौफ, जिसके बिस्तर पर बैठता, कुछ घंटों में उसकी हो जाती मौत, वैज्ञानिक भी रह गए हैरान

0
6

नई दिल्ली: क्या कोई बिल्ली किसी इंसान की मौत का वक्त बता सकती है? सुनने में ये अजीब लगता है, लेकिन अमेरिका में एक बिल्ले ने ऐसा सच में किया। इस बिल्ले का नाम था ऑस्कर, जिसने एक-दो बार नहीं बल्कि 100 से ज्यादा बार मरीजों की मौत की भविष्यवाणी कर दी। 2022 में 17 साल की उम्र में उसकी मौत हो गई, लेकिन वो कई अनसुलझे सवाल छोड़ गया।

2005 में नर्सिंग होम ने लिया था गोद

ऑस्कर को साल 2005 में अमेरिका के रोड आइलैंड के एक नर्सिंग होम में गोद लिया गया था। काले-सफेद रंग का ये बिल्ला शुरू में बहुत शांत रहता था। लेकिन जल्द ही नर्सों ने उसमें एक अजीब पैटर्न देखा। वह जिस भी गंभीर मरीज के बिस्तर पर जाकर लेट जाता, कुछ ही घंटों में उसकी मौत हो जाती। पहले इसे इत्तेफाक समझा गया, लेकिन जब ये बार-बार होने लगा तो सब हैरान रह गए।

बिस्तर पर दुबकते ही थम जाती थीं सांसें

नर्सिंग स्टाफ ने बताया कि ऑस्कर का अंदाजा कभी गलत नहीं होता था। एक मरीज के परिजन ने बताया, जब मैंने अपनी मां के पास ऑस्कर को लेटे देखा, तो समझ गया कि अब आखिरी समय आ गया है। ऑस्कर चुपचाप कमरे में आता, मरीज के बिस्तर पर चढ़कर उसके शरीर से सटकर बैठ जाता और आखिरी सांस तक वहीं रहता।

अकेले मरीजों के लिए बनता था देवदूत

इस नर्सिंग होम में ज्यादातर मरीज डिमेंशिया के आखिरी स्टेज पर होते थे, जिनमें से कई बेघर और अकेले थे। ऑस्कर उनके लिए किसी देवदूत की तरह आता था। खास बात ये थी कि ऑस्कर कोई मिलनसार बिल्ला नहीं था। उसे इंसानों से घुलना-मिलना पसंद नहीं था, वो स्टाफ से भी दूरी बनाकर रखता था। 2007 में डॉ. डेविड डोसा ने पहली बार मेडिकल मैगजीन में ऑस्कर पर लिखा था। तब तक वह 25 मौतों की भविष्यवाणी कर चुका था। 2010 तक ये आंकड़ा 50 पहुंच गया और 2022 तक 100 से ज्यादा हो गया। डॉ. डोसा ने इस पर ‘मेकिंग राउंड्स विद ऑस्कर’ नाम से किताब भी लिखी।

विज्ञान के पास भी नहीं जवाब

वैज्ञानिकों ने इस पर रिसर्च की। कुछ ने कहा कि मौत के करीब शरीर से निकलने वाली खास गंध को बिल्ला सूंघ लेता है, तो कुछ ने इसे शरीर के तापमान से जोड़ा। लेकिन कोई भी पुख्ता जवाब नहीं दे पाया। परिवार वाले ऑस्कर से डरते नहीं थे, बल्कि उन्हें सुकून मिलता था कि उन्हें अपनों को आखिरी बार अलविदा कहने का मौका मिल गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here