बिना सत्यापन सड़कों पर दौड़ रहे बाइक राइडर्स, श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर चिंता

0
8

वृंदावन: धर्मनगरी में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर बाइक राइडिंग और ई-रिक्शा संचालन की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। शहर में यात्रियों को बाइक पर बैठाकर ले जाने वाले राइडर्स के सत्यापन और उनके वाहनों की जांच की मांग उठी है। वृंदावन सिविल सोसाइटी ने इस संबंध में कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। संस्था का कहना है कि वृंदावन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। भीड़भाड़ वाले इलाकों में आवागमन के लिए लोग बाइक राइडर्स और ई-रिक्शा का सहारा लेते हैं। ऐसे में यात्रियों को ले जाने वाले बाइक राइडर्स की पहचान और उनके दस्तावेजों की जांच होना जरूरी है। बिना उचित सत्यापन के इस तरह की गतिविधियां यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय बन सकती हैं।

ई-रिक्शा की मनमानी व तेज संगीत पर सवाल

सिविल सोसाइटी ने शहर में बढ़ती ई-रिक्शा की संख्या और उनके संचालन के तरीके पर भी सवाल उठाए हैं। संस्था के पदाधिकारियों का आरोप है कि कुछ ई-रिक्शा चालक तेज आवाज में संगीत बजाते हैं और विवाद की स्थिति पैदा करते हैं। इससे शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ ही स्थानीय लोगों और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। संस्था ने ई-रिक्शा के संचालन को व्यवस्थित करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की मांग की है।

बाइक राइडर्स का सत्यापन व सख्त जांच की मांग

शिकायती पत्र में पुलिस प्रशासन से बाइक राइडर्स का सत्यापन कराने, उनके ड्राइविंग लाइसेंस और वाहनों के जरूरी दस्तावेजों की जांच करने की मांग की गई है। साथ ही यह भी कहा गया है कि यात्रियों को बाइक से ले जाने का कार्य करने वाले लोगों के पास आवश्यक अनुमति है या नहीं, इसकी जांच की जाए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। संस्था का कहना है कि वृंदावन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धार्मिक पर्यटन के लिए पहचान रखता है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना जरूरी है। इसके लिए पुलिस और संबंधित विभागों को यातायात व्यवस्था पर निगरानी बढ़ाने के साथ ही अनियमित रूप से संचालित वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए कदम उठाने चाहिए। शिकायती पत्र सौंपने के दौरान अभय वशिष्ठ, धनेंद्र अग्रवाल, बॉबी, अमित शर्मा, तपेश पाठक, योगेंद्र गोस्वामी, विनय गोस्वामी और रवि यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here