झुग्गी-झोपड़ियों में पहुंची खाकी, गरीब परिवारों को बांटी खाद्य सामग्री; पुलिस कमिश्नर ने सुनीं समस्याएं

0
7

गाजियाबाद: किसी के दरवाजे पर उम्मीद बनकर पहुंची खाकी, तो किसी बच्चे के चेहरे पर मुस्कान बनकर बिखरी।गाजियाबाद में सोमवार को पुलिस का ऐसा ही मानवीय पहलू सामने आया, जब पुलिस अधिकारियों और जवानों ने झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले गरीब परिवारों के बीच पहुंचकर उनसे बातचीत की और खाद्य सामग्री वितरित कर त्योहार की खुशियां साझा कीं। कमिश्नरेट गाजियाबाद के सभी थाना क्षेत्रों में 19 अक्टूबर को आपकी पुलिस आपके दरवाजे पर अभियान चलाया गया। इसके तहत पुलिस टीमें अलग-अलग इलाकों की झुग्गी-झोपड़ियों और आवासीय बस्तियों में पहुंचीं। वहां रहने वाले लोगों का हालचाल जाना, उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें आवश्यक सहायता एवं शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

लोहामंडी में खुद पहुंचे पुलिस कमिश्नर

थाना कविनगर क्षेत्र के लोहामंडी में पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड स्वयं पुलिस अधिकारियों और पुलिस बल के साथ पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों से सीधे बातचीत कर उनकी परेशानियों और जरूरतों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान एडिशनल पुलिस कमिश्नर केशव कुमार चौधरी, डीसीपी नगर धवल जायसवाल, डीसीपी मुख्यालय बलवंत कुमार चौधरी, एसीपी प्रियाश्री पाल, एसीपी उपासना पांडे और एसीपी शुचिता सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अभियान के दौरान झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले गरीब परिवारों और बच्चों के बीच खाद्य सामग्री वितरित की गई। पुलिस अधिकारियों को अपने बीच देखकर बच्चों के चेहरों पर खुशी नजर आई। इस पहल के जरिए पुलिस ने जरूरतमंद लोगों के साथ जुड़ाव और सामाजिक संवेदनशीलता का संदेश दिया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य केवल लोगों की समस्याएं सुनना ही नहीं, बल्कि उन तक पहुंचकर यह भरोसा दिलाना भी था कि पुलिस उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए उपलब्ध है।

महिला सुरक्षा को लेकर भी गंभीरता

जनसंवाद के बाद पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड ने थाना कविनगर स्थित मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने महिलाओं से जुड़ी शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने और महिला सुरक्षा से संबंधित मामलों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने महिलाओं, बालिकाओं और अन्य नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याओं, शिकायतों एवं सुझावों की जानकारी ली। लोगों से अपील की गई कि किसी भी समस्या या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके। गाजियाबाद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आयोजित इस अभियान के जरिए पुलिस ने सुरक्षा के साथ सेवा और संवेदनशीलता का संदेश देने का प्रयास किया। झुग्गी-झोपड़ियों तक पहुंचकर गरीब परिवारों से संवाद करना और बच्चों के साथ खुशियां साझा करना इस अभियान का प्रमुख आकर्षण रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here